Tips And Tricks: गर्मियों में तरबूज सबसे पसंदीदा और ताजगी देने वाला फल माना जाता है, लेकिन बाजार से मीठा और रसीला तरबूज चुनना कई लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है. कुछ आसान तरीकों को अपनाकर आप सही तरबूज की पहचान कर सकते हैं. तरबूज के छिलके का रंग, उसका वजन, नीचे का पीला धब्बा और थपथपाने पर आने वाली आवाज से उसकी गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है. इन सरल टिप्स की मदद से आप बाजार से हर बार मीठा, ताजा और रसदार तरबूज खरीद सकते हैं.
भीलवाड़ा: गर्मी का सीजन शुरू हो गया है और गर्मी के सीजन में सबसे ज्यादा मांग अगर किसी फल की रहती है, तो वह तरबूज है गर्मी का मौसम आते ही बाजारों में तरबूज की भरमार देखने को मिलती है. गर्मियों में यह फल लोगों की पहली पसंद बन जाता है, क्योंकि यह शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ प्यास भी बुझाता है. लाल, मीठा और रसीला तरबूज गर्मी के मौसम में स्वाद और सेहत दोनों के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें लगभग 90 प्रतिशत से अधिक पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. यही वजह है कि मार्च के महीने से ही बाजारों में तरबूज की मांग बढ़ने लगती है. हालांकि कई बार लोग तरबूज खरीदते समय यह समझ नहीं पाते कि कौन सा तरबूज अंदर से मीठा और लाल निकलेगा. ऐसे में कुछ आसान तरीकों को अपनाकर आप बाजार से मीठा और अच्छा तरबूज चुन सकते हैं.

मीठे और अच्छे तरबूज की पहचान करने के लिए सबसे पहले उसके रंग और बाहरी निशान पर ध्यान देना चाहिए. बाजार में अक्सर चमकदार और गहरे हरे रंग के तरबूज देखने में बहुत आकर्षक लगते हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि वे अंदर से मीठे भी हों. तरबूज खरीदते समय उसमें मौजूद पीले धब्बे को जरूर देखें. यह पीला धब्बा इस बात का संकेत होता है कि तरबूज खेत में लंबे समय तक जमीन पर पड़ा रहा और पूरी तरह पक चुका है. इसके अलावा तरबूज को हाथ में उठाकर भी देखना चाहिए. अगर तरबूज अपने आकार के हिसाब से भारी महसूस होता है. तो समझ लें कि उसमें पानी की मात्रा ज्यादा है और वह रसीला होने की संभावना भी अधिक है.

तरबूज की पहचान करने का एक और आसान तरीका उसकी आवाज से जुड़ा हुआ है. जब आप तरबूज को हल्के से थपथपाते हैं तो उसकी आवाज से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह पका हुआ है या नहीं. पका हुआ और मीठा तरबूज थपथपाने पर गहरी और खोखली आवाज देता है. वहीं अगर आवाज सपाट या हल्की सुनाई दे तो इसका मतलब है कि तरबूज पूरी तरह नहीं पका है या उसमें मिठास कम हो सकती है. इसलिए तरबूज खरीदते समय उसे हल्के से ठोककर जरूर देखें. यह तरीका पुराने समय से किसान और फल विक्रेता भी अपनाते रहे हैं और इससे अच्छे तरबूज की पहचान काफी हद तक हो जाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

तरबूज की ताजगी और मिठास को उसकी सुगंध से भी पहचाना जा सकता है. कई लोग तरबूज खरीदते समय हल्के से नाखून से उसकी सतह को खुरचकर उसकी महक को सूंघते हैं. अगर उसमें ताजी और हल्की मीठी खुशबू आती है तो समझ लेना चाहिए कि तरबूज अच्छा और ताजा है. वहीं अगर किसी तरह की अजीब या खराब गंध आए तो ऐसा तरबूज नहीं खरीदना चाहिए. इसके अलावा हमेशा साबुत तरबूज ही खरीदने की सलाह दी जाती है. बाजार में कई जगह कटे हुए तरबूज भी बेचे जाते हैं, लेकिन ऐसे फल खरीदने से बचना चाहिए क्योंकि कई बार उनमें इंजेक्शन या अन्य तरीके से रंग और मिठास बढ़ाने की कोशिश की जाती है.

तरबूज खरीदते समय उसके आकार को लेकर भी कई लोगों के मन में भ्रम रहता है. अक्सर लोग सोचते हैं कि जितना बड़ा तरबूज होगा वह उतना ही मीठा होगा, लेकिन यह जरूरी नहीं है. कई बार बड़े तरबूज अंदर से फीके भी निकल सकते हैं. विशेषज्ञों के अनुसार मध्यम या छोटे आकार के तरबूज अधिक मीठे और स्वादिष्ट होते हैं, इसलिए बहुत ज्यादा बड़े तरबूज की बजाय मध्यम आकार के तरबूज को चुनना बेहतर रहता है. इन आसान तरीकों को ध्यान में रखकर आप बाजार से अच्छा, मीठा और रसीला तरबूज खरीद सकते हैं और गर्मी के मौसम में इसका भरपूर आनंद ले सकते हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.