How To Store Methi: सर्दियों की ताजी मेथी को सही तरीके से धोकर, सुखाकर और एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके पूरे साल इस्तेमाल किया जा सकता है. चाहे एयर फ्रायर हो या छांव में सुखाने का तरीका, दोनों से मेथी की खुशबू और स्वाद लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है.
1 साल के लिए मेथी कैसे स्टोर करें?
अगर आप भी हर साल यही परेशानी झेलते हैं तो अब ऐसा नहीं होगा. कुछ आसान घरेलू तरीकों से मेथी को इस तरह सुखाया जा सकता है कि उसका स्वाद और खुशबू लंबे समय तक बरकरार रहे. सही तरीके से सुखाई गई मेथी को आप पूरे साल अपनी पसंदीदा रेसिपी में इस्तेमाल कर सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे आसान तरीके, जिनसे सर्दियां खत्म होने के बाद भी मेथी का मजा लिया जा सकता है.
मेथी को अच्छी तरह साफ करें
सबसे पहले ताजी और हरी मेथी चुनें. पीली या गली हुई पत्तियां अलग कर दें. अब मेथी की जड़ों को काटकर पत्तियां अलग कर लें. इन्हें साफ पानी में दो से तीन बार धोएं ताकि मिट्टी और धूल पूरी तरह निकल जाए. धोने के बाद पत्तियों को किसी सूखे कपड़े या किचन टॉवल पर फैला दें. हल्के हाथ से थपथपाकर अतिरिक्त पानी हटा दें. ध्यान रहे कि सुखाने से पहले पत्तियों में नमी बिल्कुल न रहे, वरना बाद में फफूंदी लग सकती है.
1. एयर फ्रायर से सुखाने का तरीका
अगर आपके पास एयर फ्रायर है तो काम और आसान हो जाता है. मेथी की पत्तियों को ट्रे में पतली परत में फैलाएं. तापमान 110 डिग्री सेल्सियस पर सेट करें और करीब 12 से 15 मिनट तक चलाएं. बीच में एक-दो बार ट्रे निकालकर पत्तियों को हल्का हिला दें ताकि वे बराबर सूखें. जब पत्तियां पूरी तरह कुरकुरी और सूखी हो जाएं, तब उन्हें बाहर निकालकर ठंडा होने दें. ठंडी होने के बाद हल्के हाथ से मसलकर डिब्बे में भर सकते हैं.
2. बिना एयर फ्रायर के सुखाने का तरीका
अगर घर में एयर फ्रायर नहीं है तो भी चिंता की जरूरत नहीं. एक साफ कपड़ा या बड़ी थाली लें और उस पर मेथी की पत्तियां फैला दें. इन्हें सीधी धूप में नहीं, बल्कि हवादार छांव वाली जगह पर रखें. रोज एक-दो बार पत्तियों को पलट दें ताकि हर तरफ से सूख जाएं. करीब चार से पांच दिन में पत्तियां पूरी तरह ड्राई हो जाती हैं. जब वे हाथ से मसलने पर चूर हो जाएं, तो समझ लें कि स्टोर करने के लिए तैयार हैं.
3. सही डिब्बे में स्टोर करें
सुखाई हुई मेथी को पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही डिब्बे में भरें. हमेशा साफ और सूखा एयरटाइट कंटेनर इस्तेमाल करें. ढक्कन अच्छी तरह बंद करें ताकि हवा अंदर न जाए. इससे मेथी की खुशबू और स्वाद लंबे समय तक बना रहेगा.
4. फ्रिज में रखने का विकल्प
अगर आप और ज्यादा सुरक्षित रखना चाहते हैं तो इस ड्राई मेथी को फ्रिज में भी रख सकते हैं. इससे इसकी शेल्फ लाइफ और बढ़ जाती है. जरूरत पड़ने पर एक चुटकी मेथी निकालें और दाल, सब्जी, कढ़ी या पराठे में डालकर स्वाद बढ़ाएं.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.