नारियल के छिलके से हल्का और पौष्टिक गमला
अक्सर लोग नारियल का पानी पीने के बाद उसका छिलका फेंक देते हैं, लेकिन गार्डनिंग में यह काफी काम की चीज है, अगर गमले में मिट्टी कम है या गमला बहुत भारी हो जाता है, तो नारियल का छिलका नीचे रखकर ऊपर मिट्टी भर सकते हैं. इससे दो फायदे होते हैं. पहला, गमला हल्का रहता है और दूसरा, धीरे-धीरे यह सड़कर मिट्टी को पोषण भी देता है. बड़े गमलों में यह तरीका खास तौर पर काफी उपयोगी साबित होता है.
एक ही गमले में दोबारा उग सकता है पौधा
अक्सर कहा जाता है कि एक या दो साल बाद पौधे को बड़े गमले में लगाना जरूरी होता है. इसका कारण होता है जड़ों का गमले में उलझ जाना, जिसे रूट बाइंडिंग कहते हैं, लेकिन अगर नया गमला नहीं लेना चाहते, तो एक आसान तरीका है. पौधे को बाहर निकालकर उसकी करीब 40-50% जड़ों को हल्का काट दें और नई मिट्टी डालकर फिर उसी गमले में लगा दें. इससे पौधे को नई जगह जैसा माहौल मिलता है और वह दोबारा तेजी से बढ़ने लगता है.
एयर लेयरिंग से एक पौधे से बनाएं दूसरा पौधा
-अगर आपके पास कोई अच्छा पौधा है और आप उसी जैसा दूसरा पौधा चाहते हैं, तो एयर लेयरिंग एक शानदार तरीका है.
-इसमें पौधे की एक शाखा पर हल्का कट लगाकर उसमें गीला मॉस या मिट्टी भरकर पॉलीथीन से बांध दिया जाता है. करीब 25-30 दिनों में वहां नई जड़ें बनने लगती हैं. इसके बाद उस हिस्से को काटकर अलग गमले में लगा सकते हैं.
-यह तरीका नींबू, अमरूद या कई सजावटी पौधों पर भी अच्छे से काम करता है.
नींबू के पौधे में ज्यादा फल लाने का तरीका
-अगर आपके नींबू के पौधे में फूल तो आते हैं, लेकिन फल नहीं बनते, तो सरसों की खली की खाद काफी असरदार हो सकती है.
-इस खाद को पानी में भिगोकर एक रात के लिए छोड़ दें. फिर इसे छानकर पानी में मिलाकर गमले के किनारे-किनारे डालें. ध्यान रखें कि इसे सीधे जड़ों के बीच में न डालें, क्योंकि यह काफी तेज खाद होती है.
-कुछ समय बाद आप देखेंगे कि फूल ज्यादा संख्या में फलों में बदलने लगेंगे.
पौधों के बीच दूरी रखना जरूरी
-कई बार बीज एक साथ बो दिए जाते हैं और जब पौधे निकलते हैं तो वे बहुत पास-पास उगने लगते हैं. ऐसे में सभी पौधों को सही पोषण नहीं मिल पाता.
-जैसे गाजर या धनिया के पौधे अगर बहुत ज्यादा पास होंगे तो उनकी ग्रोथ रुक जाती है. इसलिए छोटे पौधों में से कुछ को निकालकर बाकी को जगह देना बेहतर रहता है.
अमरबेल से बचाएं अपने पौधे
-गार्डन में अगर आपको पीले या सुनहरे रंग की बेल दिखाई दे, तो सावधान हो जाइए. यह अमरबेल हो सकती है, जो दूसरे पौधों से पोषण लेकर उन्हें धीरे-धीरे कमजोर कर देती है.
-अगर यह किसी पेड़ या पौधे पर चढ़ जाए तो उसे तुरंत हटाकर नष्ट करना जरूरी होता है. नहीं तो यह आसपास के कई पौधों को नुकसान पहुंचा सकती है.
केले के छिलके से गुलाब में आएंगे ज्यादा फूल
-केले के छिलके में पोटैशियम और फॉस्फोरस अच्छी मात्रा में होते हैं, जो फूलों वाले पौधों के लिए काफी फायदेमंद हैं.
-दो-तीन केले के छिलकों को पानी में रात भर भिगो दें. अगले दिन उस पानी को छानकर गुलाब या दूसरे फूल वाले पौधों में डाल दें. इससे पौधे की ग्रोथ बेहतर होती है और फूल ज्यादा आते हैं.
कंपोस्ट चाय से पौधों को मिलेगा अतिरिक्त पोषण
-घर पर बनी कंपोस्ट से निकलने वाला पानी अक्सर लोग फेंक देते हैं, लेकिन यह पौधों के लिए काफी अच्छा होता है.
-इसे पानी में मिलाकर छोटे पौधों या नए पौधों में डाला जा सकता है. इसमें मौजूद अच्छे बैक्टीरिया मिट्टी की क्वालिटी बेहतर करते हैं और पौधों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं.
पानी वाले पौधों में मछलियां रखने का फायदा
-अगर आपके घर में कमल या दूसरे पानी वाले पौधे हैं, तो उनमें छोटी मछलियां रखना भी फायदेमंद हो सकता है.
-गप्पी या मोल्ली जैसी छोटी मछलियां पानी में पनपने वाले मच्छरों के लार्वा खा जाती हैं. इससे मच्छरों की संख्या कम रहती है और पानी भी ज्यादा साफ बना रहता है.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.