Last Updated:
IND vs NAM Highlights: भारत ने नामीबिया को 93 रन से हरा दिया. टी20 वर्ल्ड कप में भारत की यह सबसे बड़ी जीत है. ईशान किशन और हार्दिक पंड्या के अर्धशतक की मदद से भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए. भारत का टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह तीसरा सबसे बड़ा स्कोर था. गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने मिलकर नामीबिया की बल्लेबाजी में सेंध लगाई. भारत की टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार यह 10वीं जीत है. टीम इंडिया की इस जीत से उसके सुपर 8 में पहुंचने की उम्मीदें मजबूत हो गई है. भारत 2 मैचों में 4 अंक लेकर ग्रुप ए में टॉप पर पहुंच गया. भारत ने पाकिस्तान को धकेलकर पॉइंट टेबल में नंबर वन स्थान हासिल कर लिया.
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में दर्ज की लगातार दूसरी जीत.
ईशान किशन (Ishan Kishan) और हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) के अर्धशतकों के बाद वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की शानदार गेंदबाजी की मदद से भारत ने नामीबिया को 93 रन से हरा दिया. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत ने शानदार खेल दिखाया. ईशान किशन ने 20 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा जबकि पंड्या भी उनसे ज्यादा पीछे नहीं रहे. नामीबिया की टीम 116 रन बनाकर पवेलियन लौट गई. उसकी ओर से लौरेन स्टीनकैंप ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए. भारत के लिए हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती ने तीन तीन विकेट लिए वहीं एक विकेट अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और बुमराह के खाते में एक एक विकेट गया.
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में दर्ज की लगातार दूसरी जीत.
ईशान-पंडया के अर्धशतक, भारत ने 9 विकेट पर 210 रन बनाए
इससे पहले, ईशान किशन और हार्दिक पंड्या के तूफानी अर्धशतक से भारत ने 9 विकेट पर 210 रन बनाए. इशान ने 24 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से 61 रन की पारी खेली जबकि पंड्या ने 28 गेंद में चार छक्कों और इतने ही चौकों से 52 रन बनाए. ईशान ने तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंद में 79 रन जोड़कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई जबकि पंड्या ने शिवम दुबे (23) के साथ 39 गेंद में 81 रन की साझेदारी करके अंतिम ओवरों में रन गति में इजाफा किया.
कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने रनों पर लगाया अंकुश
कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (20/4) और बर्नार्ड स्कोल्ट्ज (41/1) की स्पिन जोड़ी ने बीच के ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी करके रन गति पर अंकुश लगाया. भारत ने सात ओवर में एक विकेट पर 104 बना लिए थे लेकिन अंतिम 13 ओवर में टीम 105 रन ही जोड़ सकी. इरास्मस ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद संजू सैमसन (22) ने रूबेन ट्रंपलमैन (बिना विकेट के 38 रन) पर छक्के से खाता खोला और फिर बेन शिकोंगो (41 रन पर एक विकेट) की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया. वह हालांकि शिकोंगो की अगली गेंद को डीप मिडविकेट पर सीधे लॉरेन स्टीनकैंप के हाथों में खेल गए.
ईशान किशन ने खेली तूफानी अर्धशतकीय पारी
ईशान ने स्मिट का स्वागत दो चौकों से किया
ईशान ने जेजे स्मिट (50 रन पर एक विकेट) का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया जबकि शिकोंगो की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए. तिलक वर्मा ने भी ट्रंपलमैन पर दो चौके मारे. ईशान ने छठे ओवर में स्मिट की लगातार गेंदों पर चार छक्के और एक चौके से 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 86 रन बनाए. तिलक हालांकि 19 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब मैक्स हेइंगो की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर स्टीनकैंप ने उनका कैच टपका दिया.
भारत ने 6.5 ओवर में 100 रन पूरे किए
ईशान ने हेइंगो की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ 6.5 ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया जो पुरुष टी20 विश्व कप में किसी भी टीम का सबसे तेज शतक है. ऑफ स्पिनर इरास्मस ने पहली ही गेंद पर इशान को डीप मिडविकेट पर शिकोंगो के हाथों कैच कराके नामीबिया को बड़ी सफलता दिलाई. ईशान ने 24 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और पांच छक्के मारे.
सूर्या 12 रन बनाकर आउट हुए
कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 13 गेंद में 12 रन बनाने के बाद बाएं हाथ के स्पिनर बर्नार्ड स्कोल्ट्ज की गेंद पर विकेटकीपर जेन ग्रीन के हाथों स्टंप हो गए. तिलक भी इसके बाद इरास्मस की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर स्मिट के हाथों लपके गए जिससे 12वें ओवर में भारत का स्कोर चार विकेट पर 124 रन हो गया. दुबे और पंड्या ने 15वें ओवर में स्कोल्ट्ज पर एक-एक छक्के के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया.
पंड्या ने 27 गेंदों पर जड़ा पचासा
हार्दिक ने शिकोंगो की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे. उन्होंने 19वें ओवर में इरास्मस पर छक्के के साथ 27 गेंद में अर्धशतक और टीम के 200 रन पूरे किए. वह हालांकि अगली गेंद पर डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच देकर पवेलियन लौट गए. दुबे अगली गेंद पर रन आउट हुए जबकि इरास्मस ने इसी ओवर में अक्षर पटेल (00) को भी बोल्ड किया. रिंकू सिंह भी एक रन बनाकर स्मिट का शिकार हुए जबकि अर्शदीप सिंह (02) अंतिम गेंद पर रन आउट हुए.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.