भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप के लीग स्टेज के चारों मुकाबले जीतकर सुपर-8 में पहुंची है. लेकिन अब सुपर-8 में जिनके साथ उनकी भिड़ंत है, वो सभी टीमें अभी तक इस टूर्नामेंट में हारी नहीं है. इसे ग्रुप ऑफ डेथ कहा जा रहा है. क्योंकि इस ग्रुप में शामिल सभी टीमें लीग स्टेज पर टॉप करके आई है. इसमें भारत के साथ दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज की टीम हैं.
भारत की पहली भिड़ंत दक्षिण अफ्रीका के साथ
टी20 वर्ल्ड कप के पिछले संस्करण का फाइनल भारत ने दक्षिण अफ्रीका को ही हराकर जीता था. भारत की तरह साउथ अफ्रीका भी जारी संस्करण के लीग स्टेज में चारों मैच जीतकर सुपर-8 में पहुंची है. सुपर-8 राउंड में भारत का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ ही है. ये मैच रविवार, 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा.
वेस्टइंडीज-जिम्बाब्वे भी विजयी रथ पर सवार
वेस्टइंडीज लीग स्टेज में ग्रुप सी में शामिल थी, जिसमें उन्होंने अपने चारों मैच शानदार तरीके से जीते. शाई होप की कप्तानी वाली ये टीम खतरनाक नजर आ रही है. कप्तान समेत टीम के बल्लेबाज तूफानी अंदाज में खेलते हुए नजर आए हैं, गेंदबाज भी बड़े-बड़े बल्लेबाजों को तंग किए हुए हैं.
वेस्टइंडीज की तरह जिम्बाब्वे ने भी इस बार सभी को हैरान किया है. ग्रुप स्टेज में जिम्बाब्वे कोई मैच नहीं हारा, टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया. उसके बाद टीम ने अपने आखिरी मैच में मेजबान श्रीलंका को हराया. ये टीम भी भारत को कड़ी चुनौती दे सकती है.
टी20 वर्ल्ड कप सुपर-8 का शेड्यूल (ग्रुप 1 का)
- 22 फरवरी: भारत बनाम द. अफ्रीका (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)
- 23 फरवरी: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज (वानखेड़े स्टेडियम)
- 26 फरवरी: वेस्टइंडीज बनाम द. अफ्रीका (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)
- 26 फरवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे (एमए चिदंबरम स्टेडियम)
- 1 मार्च: जिम्बाब्वे बनाम द. अफ्रीका (अरुण जेटली स्टेडियम)
- 1 मार्च: भारत बनाम वेस्टइंडीज (ईडन गार्डन्स स्टेडियम)
टॉप-2 करेंगे सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड में प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की सभी टीमों के साथ 1-1 मैच खेलेगी. एक ग्रुप में कुल 6 मैच होंगे, हर टीम 3-3 मैच खेलेगी. इसके बाद अंक तालिका में दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी जबकि अन्य टीमों का सफर खत्म हो जाएगा.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.