Ola Electric Share: खराब तिमाही परिणाम के बाद ओला इलेक्ट्रिक शेयर कल सात फीसदी तक टूट गया. बाजार जानकारों का कहना है कि आने वाले समय में भी इस शेयर में सुधार होने की संभावना काफी कम है. क्या है ब्रोकरेज की राय, जानिए..
ओला इलेक्ट्रिक इस समय मुश्किलों से घिरी हुई है.
बाजार की इस निराशा के पीछे मुख्य कारण वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के कमजोर नतीजे रहे. हालांकि कंपनी का शुद्ध घाटा (Net Loss) पिछली तिमाही के 560 करोड़ रुपये से घटकर 490 करोड़ रुपये पर आ गया है, लेकिन रेवेन्यू के मोर्चे पर कंपनी को बड़ा झटका लगा है. ऑपरेशन्स से होने वाली आय पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 55 फीसदी गिरकर मात्र 470 करोड़ रुपये रह गई है. भले ही घाटे के आंकड़ों में थोड़ी कमी दिखी हो, लेकिन आय का आधा रह जाना निवेशकों के लिए चिंता का सबसे बड़ा विषय बन गया है.
अभी दूरी बनाना ही बेहतर?
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, वेल्थ मिल्स सिक्योरिटीज के इक्विटी स्ट्रैटेजिस्ट क्रांति बाथिनी का मानना है कि कंपनी के बिक्री के आंकड़े उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ रहे हैं. रेवेन्यू के प्रमुख संकेतकों में सुधार की कमी यह दर्शाती है कि कंपनी को अपनी स्थिति मजबूत करने में अभी लंबा समय लगेगा. उनके अनुसार, शॉर्ट से मीडियम टर्म के लिए इस शेयर से दूरी बनाना एक समझदारी भरा फैसला हो सकता है.
क्या कह रहा है टेक्निकल चार्ट
एंजेल वन के सीनियर एनालिस्ट ओशो कृष्णन के अनुसार, टेक्निकल चार्ट पर शेयर में लगातार बिकवाली का दबाव (Selling Pressure) बना हुआ है. शेयर के लिए 28 से 25 रुपये के बीच एक महत्वपूर्ण सपोर्ट नजर आ रहा है. यदि गिरावट जारी रहती है, तो यह 25 रुपये के स्तर को भी छू सकता है. वहीं, ऊपर की ओर 35 से 38 रुपये के बीच मजबूत रेजिस्टेंस है, जिसे पार करना फिलहाल कंपनी के लिए एक बड़ी चुनौती नजर आ रहा है.
20 रुपये तक गिर सकता है शेयर
ब्रोकरेज फर्म एमके ग्लोबल ने ओला इलेक्ट्रिक पर अपने नजरिए को पूरी तरह बदल दिया है. ब्रोकरेज ने न केवल अपनी रेटिंग को ‘Buy’ से घटाकर सीधे ‘Sell’ कर दिया है, बल्कि टारगेट प्राइस में भी 60 प्रतिशत की भारी कटौती की है. पहले टारगेट प्राइस50 रुपये तय किया गया था, उसे अब घटाकर मात्र 20 रुपये कर दिया गया है.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.