SEBI Approves IPO: भारतीय प्राइमरी मार्केट में जल्द ही कई नई कंपनियों के इश्यू देखने को मिल सकते हैं. सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) ने इस हफ्ते 4 कंपनियों को उनके पब्लिक इश्यू के लिए मंजूरी दे दी है. जिन कंपनियों को यह अनुमति मिली है उनमें प्रीमियर इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन, विरुपक्ष ऑर्गेनिक्स, हेक्सागन न्यूट्रिशन और ड्यूरोफ्लेक्स शामिल हैं.
आईपीओ प्रक्रिया में सेबी का ऑब्जर्वेशन मिलना महत्वपूर्ण कदम माना जाता है, क्योंकि इससे संकेत मिलता है कि सेबी की ओर से हरी झंडी मिल गई है और अब कंपनी इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) की आगे की तैयारी कर सकती है. आइए जानते हैं, इनके बारे में….
ड्यूरोफ्लेक्स आईपीओ
12 फरवरी को सेबी की ओर से ड्यूरोफ्लेक्स की हरी झंडी मिल गई है. इस पब्लिक इश्यू के जरिए कंपनी फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (OFS) दोनों ही शेयर बाजार में उतारने वाली है.
कंपनी के अनुसार 184 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे. वहीं, प्रमोटर्स और मौजूदा निवेशक ओएफएस के जरिए 2.25 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेंगे. ड्यूरोफ्लेक्स देश की जानी-मानी मैट्रेस कंपनी है. मैट्रेस के साथ-साथ कंपनी फर्नीचर, तकिए, बेडिंग एक्सेसरीज इत्यादि चीजें भी बनाती हैं.
विरुपक्ष ऑर्गेनिक्स आईपीओ
विरुपक्ष ऑर्गेनिक्स आईपीओ के जरिए 740 करोड़ रुपये बाजार से जुटाने का प्रयास करेगी. आईपीओ के तहत सारे शेयर फ्रेश जारी किए जाएंगे. यानी कि प्रमोटर्स या मौजूदा निवेशकों की हिस्सेदारी बाजार में नहीं आएगी. कंपनी का संबंध फार्मा और रिसर्च फील्ड से हैं.
हेक्सागन न्यूट्रिशन आईपीओ
हेक्सागन न्यूट्रिशन का प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होने वाला है. कंपनी इस पेशकश के माध्यम से नई पूंजी नहीं जुटाएगी, बल्कि पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल (OFS) के रूप में लाया जाएगा.
कंपनी को सेबी की ओर से 10 फरवरी को हरी झंडी मिल गई है. OFS के तहत प्रमोटर्स अरुण पुरुषोत्तम केलकर, सुभाष पुरुषोत्तम केलकर, नूतन सुभाष केलकर और आदित्य केलकर मिलकर कुल 30,859,704 इक्विटी शेयर बेचेंगे.
प्रीमियर इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन आईपीओ
प्रीमियर इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन को 10 फरवरी को सेबी से ऑब्जर्वेशन लेटर मिल चुका है. कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (OFS) दोनों ही बाजार में लाने वाली है.
कंपनी की ओर से 2.79 करोड़ इक्विटी शेयर बाजार में उतारे जाएंगे. जिनमें 2.25 करोड़ शेयर नए जारी किए जाएंगे, जबकि करीब 54 लाख शेयर OFS के तहत ऑफलोड होंगे.
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.