Hardik Pandya-Vaibhav Sooryavanshi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में हालिया मुकाबला मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया था जिसमें RR ने बाजी मार ली। मैच में राजस्थान रॉयल्स टीम के युवा सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी ने अपना दमखम साबित किया जिसे देख MI टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या भी इंप्रेस हो गए।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 39 रनों की तूफानी पारी खेलकर राजस्थान को 27 रनों से मुंबई टीम को धूल चटाने में मदद की। ये मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला गया था।
हार्दिक पांड्या ने वैभव सूर्यवंशी को सराहा
युवा खिलाड़ी सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह जैसे वर्ल्ड क्लास बॉलर के भी छक्के छुड़ा दिए। उन्होंने बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। सूर्यवंशी यहीं नहीं रुके। उसी ओवर में उन्होंने एक और छक्का लगाकर हमेशा की तरह अपने बेखौफ और आक्रामक अंदाज को बरकरार रखा। बारिश के कारण मैच 11 ओवर प्रति टीम का कर दिया गया था, जिसमें सूर्यवंशी ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की और RR को शानदार शुरुआत दिलाने में मदद की।
वैभव ने 278.57 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 1 चौका और 5 छक्के मारकर 39 रनों की धुआंधार पारी खेली थी। उनके दमदार परफॉर्मेंस के बाद हार्दिक पांड्या ने भी वैभव सूर्यवंशी को सराहा। मैच खत्म होने के बाद एक कमाल का मूमेंट कैमरे में कैद हो गया है जहां पांड्या को वैभव की तारीफ में उनका सीना थपथपाते देखा गया था। ये लम्हा अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सिर्फ इतना ही नहीं, मैच के बाद हार्दिक ने इतनी कम उम्र में इतना शानदार खेलने के लिए सूर्यवंशी को जमकर सराहा। उन्होंने कहा- “17 या 16 साल के लड़के को इस तरह खेलते देखना वाकई कमाल है। साथ ही, मैच से पहले की तैयारियों के दौरान हमने उन्हें लेकर काफी चर्चा की थी।” MI के कप्तान ने कहा कि ‘जिस तरह से वैभव बल्लेबाजी करते हैं, जिस तरह बेखौफ अंदाज वो दिखाते हैं, जिस तरह के शॉट वह खेलते हैं, वो वाकई कमाल है। मैं उनके भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं’।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.