रॉयल एनफील्ड ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक बाइक ‘फ्लाइंग फ्ली C6’ लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹2.79 लाख है। हालांकि, कंपनी ने ‘बैटरी एज अ सर्विस’ का विकल्प भी दिया है। इस मॉडल के तहत बाइक की कीमत घटकर ₹1.99 लाख रह जाएगी। इस इलेक्ट्रिक बाइक की बुकिंग और टेस्ट राइड आज 10 अप्रैल से सबसे पहले बेंगलुरु में शुरू हो गई है। डिजाइन और वजन: केवल 124 किलो की बाइक, 19-इंच के बड़े व्हील्स फ्लाइंग फ्ली C6 को कंपनी ने यूनिक और रेट्रो-फ्यूचरिस्टिक लुक दिया है। इसमें गर्डर फोर्क सस्पेंशन का इस्तेमाल किया गया है, जो आजकल की बाइक्स में बहुत कम देखने को मिलता है। कंपनी ने इस बाइक को केवल 124 किलो का रखा है ताकि रेंज बेहतर मिल सके। इसमें 19-इंच के बड़े पहिए और पतले टायर हैं। इससे रोलिंग रेजिस्टेंस कम होता है और बैटरी कम खर्च होती है। परफॉर्मेंस: टॉप स्पीड 115 किमी/घंटा, फुल चार्ज पर 154 किमी की रेंज इसमें 3.91kWh का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज होने पर यह 154 किमी तक चलेगी। इसमें लगी मोटर 60Nm का टॉर्क जनरेट करती है। रफ्तार के मामले में भी यह पीछे नहीं है; यह बाइक महज 3.7 सेकंड में 0 से 60 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड 115 किमी/घंटा बताई गई है। चार्जिंग टेक्नोलॉजी: 2 घंटे में फुल चार्ज, मोबाइल एप से कंट्रोल होगी स्पीड इस इलेक्ट्रिक बाइक को 0 से 100% तक चार्ज होने में 2 घंटे 16 मिनट का समय लगता है, जबकि 20 से 80% तक यह मात्र 1 घंटा 5 मिनट में चार्ज हो जाती है। खास बात यह है कि राइडर मोबाइल एप के जरिए अपनी सुविधा के अनुसार चार्जिंग की स्पीड भी तय कर सकता है। सेफ्टी और फीचर्स: 5 राइडिंग मोड्स और कॉर्नरिंग ट्रैक्शन कंट्रोल राइड को सुरक्षित और आसान बनाने के लिए इसमें 3.5-इंच का कलर TFT डिस्प्ले दिया गया है। बाइक में 5 राइडिंग मोड्स- सिटी, रेन, हाईवे, स्पोर्ट और कस्टम मिलते हैं। इसके अलावा इसमें एडजस्टेबल रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, लीन-सेंसिटिव ट्रैक्शन कंट्रोल और डुअल-चैनल ABS जैसे मॉडर्न फीचर्स दिए गए हैं। इसके रियर ABS को बंद भी किया जा सकता है, जो ऑफ-रोडिंग में काम आएगा। ग्राउंड क्लीयरेंस और सीट हाइट: एडवेंचर बाइक जैसा अहसास बाइक की सीट हाइट 823mm है। इसमें 207mm का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है, जो आमतौर पर एडवेंचर बाइक्स में मिलता है। मोटर और बैटरी को एक ही मैग्नीशियम केसिंग में रखा गया है। मार्केट कॉम्पिटिशन: रॉयल एनफील्ड की 350cc बाइक्स से भी महंगी ₹2.79 लाख की कीमत के साथ यह बाइक रॉयल एनफील्ड की सभी 350cc बाइक्स जैसे क्लासिक, बुलेट, हंटर और नई गुरिल्ला 450 से महंगी है। इलेक्ट्रिक सेगमेंट में इसका मुकाबला अल्ट्रावॉयलेट F77 से हो सकता है, लेकिन अपने खास डिजाइन और ब्रांड वैल्यू के कारण यह एक अलग ही क्लास की बाइक मानी जा रही है। रॉयल एनफील्ड इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य शहरों में लॉन्च करेगी। नॉलेज बॉक्स: सेकेंड वर्ल्ड वॉर से लिया बाइक का नाम: ‘फ्लाइंग फ्ली’ नाम रॉयल एनफील्ड की उस मशहूर बाइक से लिया गया है जिसे दूसरे विश्व युद्ध के दौरान पैराशूट के जरिए विमानों से नीचे गिराया जाता था। वह बहुत हल्की थी, ताकि सैनिक उसे कहीं भी ले जा सकें। क्या होता है BaaS (बैटरी एज़ अ सर्विस): यह एक ऐसा सब्सक्रिप्शन मॉडल है जिसमें ग्राहक को पूरी बाइक की कीमत नहीं देनी पड़ती। वह केवल बाइक का ढांचा खरीदता है और बैटरी का इस्तेमाल किराए या सब्सक्रिप्शन के तौर पर करता है। इससे बाइक की शुरुआती कीमत कम हो जाती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.