बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर कुछ दिन पहले हुई फायरिंग के मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं. अब हाल ही में मुंबई पुलिस ने इस मामले में रोहित के घर से लेकर पूरे शूटर्स के भागने तक के सारे सीन को रीक्रिएट किया है. ऐसा कर पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है और आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है.
इस तरह हुआ सीन रीक्रिएट
रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ने पुणे से मुंबई तक स्कूटी को लाने के सीन को रीक्रिएट किया है. इस रिक्रिएशन के दौरान पुणे से गिरफ्तार चार आरोपी स्वप्निल सकट, आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे और समर्थ पोमाजी को क्राइम ब्रांच ने साथ रखा हुआ था. सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच ने पुणे से स्कूटी को खरीदने से लेकर, उसे वहां से सड़क के रास्ते मुंबई तक लाने, मुंबई में लाने के दौरान जिन जगहों पर आरोपी रुके थे, उस जगह समेत मुंबई में विले पार्ले स्टेशन के बाहर स्कूटी को पार्क करने तक के हर सीन को रीक्रिएट किया है.
वीडियोग्राफी भी हुई
इस रिक्रिएशन के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने लगातार आरोपियों से पूछताछ और उनके द्वारा बताई गई जानकारियों को वेरिफाई भी किया है. इस पूरे सीन रिक्रिएशन की क्राइम ब्रांच की तरफ से बकायदा वीडियोग्राफी की गई है, जो इस केस में आगे चलकर आरोपियों के खिलाफ बड़ा सबूत साबित होगी.
आरोपियों से पूछताछ में हुए खुलासे
मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस सीन रिक्रिएशन के दौरान आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि स्कूटी को मुंबई पहुंचाने के बाद मुख्य आरोपी शुभम लोनकर ने उन्हें 11 हजार रुपये और दिए थे. इसके पहले मुंबई क्राइम ब्रांच ने आधिकारिक तौर पर आरोपियों को 40 हजार रुपए मिलने की बात कही थी, लेकिन जब जांच आगे बढ़ी और पूछताछ हुई तो सामने आया कि कुल 51 हजार रुपए उन्हें दिए गए थे, जिसमें से 30 हजार की स्कूटी खरीदी गई थी, जबकि 21 हजार रुपये उन्होंने खर्च किए थे.
शूटर की तलाश जारी
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में 6वें आरोपी प्रवीण लोनकर की जेल से हिरासत आने वाले दो से तीन दिनों में ली जाएगी, क्योंकि इसकी अभी कानूनी कागजी शुरू है, इस मामले में फिलहाल दो सप्ताह बाद भी शूटर और उसका साथी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और उनकी तलाश जारी है.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.