Manduwa Phanu Recipe: पहाड़ों की कड़ाके की ठंड में अगर कुछ सबसे ज्यादा सुकून और ताकत देता है, तो वह है ‘मंडवे का फाणु’. कैल्शियम, फाइबर और आयरन से भरपूर मंडुवे (रागी) का यह पारंपरिक व्यंजन सदियों से पहाड़ी लोगों को कड़ाके की ठंड से लड़ने की शक्ति देता आया है. पुराने समय में खेतों में कड़ी मेहनत करने वाले लोग इसे अपनी ऊर्जा का मुख्य स्रोत मानते थे. आज भी यह अपनी पौष्टिकता और लाजवाब स्वाद के कारण पहाड़ों के हर घर की पहली पसंद है. इसे बनाना जितना आसान है, सेहत के लिए इसके फायदे उतने ही लाजवाब हैं. जानिए कैसे मात्र कुछ मिनटों में तैयार होने वाला यह व्यंजन आपकी हड्डियों को फौलाद बनाता है और शरीर को तुरंत गर्माहट देता है.
मंडुवे का फाणु बनाने के लिए सामग्री
इसे बनाना बेहद आसान है और इसके लिए बहुत कम सामग्री की जरूरत पड़ती है. इसके लिए आपको करीब 1 कप मंडवे का आटा, स्वादानुसार मसाले, 2 से 3 कप गुनगुना पानी और 1 से 2 चम्मच घी या तेल चाहिए होता है.
फाणु बनाने की रेसिपी
फाणु बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में मंडवे का आटा लें और थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए इसका एक एकसार घोल बना लें. ध्यान रहे कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा, बस यह एकसार होना चाहिए. अब कढ़ाही में घी या तेल गर्म करें और तैयार घोल को उसमें डाल दें. इसके बाद स्वादानुसार हल्दी, नमक, मिर्च और धनिया-जीरा पाउडर मिलाएं. अब इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि इसमें गांठें न बनें. लगभग 5 से 7 मिनट तक पकाने के बाद जब यह गाढ़ा हो जाए और इसमें से सोंधी खुशबू आने लगे, तो आपका गरमागरम फाणु तैयार है.
सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं
मडुवा (रागी) पोषक तत्वों का खजाना माना जाता है. इसमें मौजूद कैल्शियम हड्डियों को लोहे जैसी मजबूती देता है और फाइबर की अधिक मात्रा पेट को साफ रखने के साथ पाचन को दुरुस्त रखती है. आयरन से भरपूर होने के कारण यह शरीर में खून की कमी को भी दूर करने में मददगार साबित होता है. यही वजह है कि पहाड़ी लोग इसे लंबे समय तक ऊर्जा देने वाला ‘पावर फूड’ मानते हैं, जो शरीर की ऊर्जा शक्ति को बढ़ाता है.
स्वाद बढ़ाने का खास तरीका
मंडुवे के फाणु का असली स्वाद तब आता है जब इसे कटोरे में निकालकर ऊपर से एक चम्मच शुद्ध देसी घी डाला जाए. पहाड़ों में बहुत से लोग इसे ताजी दही या मट्ठे (छाछ) के साथ भी खाना पसंद करते हैं. इसका सादा और सोंधा स्वाद सर्दियों की शाम को यादगार बना देता है और शरीर को तुरंत गर्माहट का अहसास कराता है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.