Last Updated:
Best Momos in Nainital: पहाड़ों की रानी नैनीताल सिर्फ अपनी खूबसूरत झीलों और नजारों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी गलियों में सिमटे तीखे और चटपटे जायके के लिए भी मशहूर है. अगर आप नैनीताल की ठंडी हवाओं के बीच गरमा-गरम, धुआं उड़ाते मोमोज का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो यहां के कुछ ठिकाने ऐसे हैं जहां का स्वाद आपकी जुबान पर चढ़ जाएगा. तिब्बती परंपरा से लेकर दार्जिलिंग के मसालों तक, नैनीताल के ये मोमो जॉइंट्स इतने प्रसिद्ध हैं कि यहां बॉलीवुड सितारों से लेकर आम पर्यटकों तक का तांता लगा रहता है. आइए जानते हैं नैनीताल के उन चुनिंदा मोमो सेंटर्स के बारे में, जिनके बिना आपकी ट्रिप अधूरी है.
उत्तराखंड की खूबसूरत सरोवर नगरी नैनीताल में अगर आप चाइनीज स्वाद ढूंढ रहे हैं, तो सोनम मोमो का नाम सबसे पहले लिया जाता है. यहां मिलने वाले गरमा गरम स्टीम मोमो अपनी खास स्टफिंग और स्वाद के कारण बेहद लोकप्रिय हैं. पर्यटक हों या स्थानीय लोग, हर किसी को यहां के मोमो काफी पसंद होते हैं, यही वजह है कि लोग बाकायदा अपनी बारी का इंतजार करते नजर आते हैं. वहीं, मोमो के साथ मिलने वाली तीखी लाल चटनी इनका स्वाद और भी ज्यादा बढ़ा देती है.

नैनीताल में मोमो की शुरुआत करने का श्रेय इस दुकान के मालिक सोनम को जाता है. सोनम तिब्बत से आए थे और उन्होंने यहां आकर चाय की छोटी सी दुकान से शुरुआत की थी, जिसके बाद तिब्बत का स्वाद उन्होंने अपने मोमोज के जरिए परोसना शुरू किया. आज उनके मोमो पूरे देश में काफी प्रसिद्ध हैं. कई सेलिब्रिटी सोनम मोमो का स्वाद ले चुकी हैं, जिनमें भारतीय अभिनेत्री जैकलीन, उर्वशी रौतेला समेत कई लोग शामिल हैं. यहां आपको वेज और नॉन वेज दोनों वैरायटी मिल जाएगी. अगर आप भी नैनीताल घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो सोनम मोमो का स्वाद लेना ना भूलें.

नैनीताल में तमांग मोमो भी काफी प्रसिद्ध है. मल्लीताल क्षेत्र में पालिका बाजार के भीतर स्थित यह छोटा-सा रेस्टोरेंट आज स्वाद के मामले में बड़ी पहचान बन चुका है. इसकी संचालिका पासांग तमांग मूल रूप से दार्जिलिंग की रहने वाली हैं और वहीं के पारंपरिक स्वाद को नैनीताल तक लेकर आई हैं. बॉलीवुड सिंगर पैपॉन, अभिनेत्री कृति सेनन और उर्वशी रौतेला जैसे सितारे यहां के मोमो के दीवाने हैं. पासांग तमांग बताती हैं कि उनके यहां वेज मोमो सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं, हालांकि चिकन और मटन मोमो का स्वाद भी लोगों को खूब खींचता है. यहां के मोमो इतने लोकप्रिय हैं कि पर्यटकों, स्थानीय लोगों और सेलिब्रिटीज़ की भीड़ के चलते अक्सर ग्राहकों को अपनी बारी के लिए लाइन में लगना पड़ता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर आपको तीखा और मसालेदार खाना पसंद है, तो नैनीताल के तल्लीताल बाजार में स्थित स्पाइसी रेस्टोरेंट के मोमो आपको काफी पसंद आएंगे, यहां के मोमो का स्वाद अलग है, जिन्हें खास मसालेदार स्टफिंग और चटपटी चटनी के साथ परोसा जाता है. यहां के मोमो एक बार खाने के बाद लोग अक्सर दोबारा यहां लौट आते हैं. खासकर युवाओं के बीच यह जगह काफी लोकप्रिय है. शाम के समय यहां स्कूल और कॉलेज के बच्चों की भीड़ लगी रहती है. तल्लीताल बाजार में स्पाइसी के मोमो काफी फेमस हैं, यहां आपको स्टीम मोमो, वेज, नॉन वेज, पनीर समेत कई वैरायटी के मोमो मिल जाएंगे.

नैनीताल के चार्ट पार्क में स्थित हार्ट रॉक रेस्टोरेंट के पनीर मोमो भी काफी प्रसिद्ध है, यहां मिलने वाले पनीर मोमो का स्वाद बाकी जगहों से थोड़ा अलग और खास होता है. नरम पनीर और मसालेदार फिलिंग के साथ तैयार किए गए ये मोमो अलग स्वाद देते हैं. खासकर वेजिटेरियन लोगों के लिए यह एक अच्छा ऑप्शन है. गरमा गरम मोमो के साथ मिलने वाली स्पेशल तीखी चटनी इसका स्वाद और भी लाजवाब बना देती है.

नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में सेंट जॉन्स चर्च के पास लगने वाला ‘खुशी आंटी के मोमो’ का छोटा सा स्टॉल आज शहर के लोकप्रिय स्ट्रीट फूड स्पॉट्स में शामिल हो चुका है. यहां रहने वाली खुशी विल्सन रोजाना शाम करीब 4 से 6 बजे के बीच अपना ठेला लगाती हैं, जहां स्थानीय लोग और पर्यटक बड़ी संख्या में मोमो का स्वाद लेने पहुंचते हैं. पतली परत वाले ताजे स्टीम मोमो और भांग के बीज व धनिया से बनी खास चटनी इन्हें अलग स्वाद देती है. 50 रुपये फुल और 30 रुपये हाफ प्लेट में मिलने वाले मोमो के साथ खुशी आंटी अक्सर एक अतिरिक्त “प्यार का मोमो” भी देती हैं, जो लोगों को खास अनुभव देता है. हाल ही में मशहूर कपिल शर्मा शो की जज अर्चना सिंह का परिवार खुशी के मोमो का स्वाद ले चुका है, साथ ही खुशी के मोमो को अपने ब्लॉग के माध्यम से दिखा भी चुका है.

अगर आपको कुरकुरा और क्रिस्पी खाना पसंद है, तो नैनीताल के मल्लीताल स्थित न्यू सरस्वती रेस्टोरेंट के फ्राइड मोमो जरूर ट्राई करें. यहां के फ्राइड मोमो बाहर से कुरकुरे और अंदर से बेहद सॉफ्ट होते हैं. मसालेदार फिलिंग और चटपटी चटनी के साथ इनका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है. खासकर युवा और पर्यटक इन मोमो को बड़े चाव से खाते हैं, इनके अंदर सोयाबीन और कई तरह के मसालों की स्टफिंग की जाती है. साथ ही इन्हें तला जाता है, जिस वजह से ये मोमो कुरकुरा स्वाद देते हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.