अगर आप रोज चाय के साथ वही बाजार वाला सख्त रस्क खाकर बोर हो चुके हैं, तो अब समय है कुछ नया ट्राई करने का. घर पर बना ताजा और कुरकुरा रस्क न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि इसे आप अपनी पसंद के अनुसार हल्का मीठा या ज्यादा क्रिस्प भी बना सकते हैं.
रस्क की रेसिपी.
घर पर रस्क बनाने के लिए सबसे पहले आपको ब्रेड जैसा सॉफ्ट केक बेस तैयार करना होगा. इसके लिए एक बड़े बर्तन में लगभग दो कप मैदा लें. इसमें आधा कप पिसी हुई चीनी, एक चुटकी नमक, एक छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर और आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा मिला लें. अब इसमें आधा कप दही और आधा कप दूध डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. चाहें तो एक बड़ा चम्मच घी या मक्खन भी डाल सकते हैं, जिससे स्वाद और खुशबू बेहतर हो जाएगी. इस मिश्रण को ज्यादा पतला या ज्यादा गाढ़ा न रखें, केक जैसा गाढ़ा बैटर तैयार करें.
अब एक बेकिंग टिन को हल्का सा घी लगाकर ग्रीस कर लें और उसमें तैयार बैटर डाल दें. पहले से गरम किए हुए ओवन में इसे लगभग 170 डिग्री तापमान पर 25 से 30 मिनट तक बेक करें. अगर आपके पास ओवन नहीं है तो आप मोटे तले वाले बर्तन में नमक बिछाकर भी इसे धीमी आंच पर पका सकते हैं. जब केक ऊपर से सुनहरा और अंदर से अच्छी तरह पक जाए तो इसे बाहर निकालकर ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसे ब्रेड की तरह मोटे स्लाइस में काट लें.
अब रस्क बनाने का असली स्टेप आता है. कटे हुए स्लाइस को बेकिंग ट्रे पर फैलाकर दोबारा ओवन में रखें. इस बार तापमान थोड़ा कम यानी लगभग 150 डिग्री रखें और 15 से 20 मिनट तक दोनों तरफ से बेक करें. बीच में एक बार पलट दें ताकि दोनों तरफ से बराबर कुरकुरापन आए. धीरे-धीरे ये स्लाइस सूखकर सख्त और क्रिस्प हो जाएंगे. यही आपका घर का बना ताजा रस्क है. अगर चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा इलायची पाउडर या बादाम पिस्ता भी छिड़क सकते हैं.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.