Ata Suji Chilla Recipe: सीतामढ़ी की फूड एक्सपर्ट खुशबू कुमारी ने बताया कि आटा-सूजी टमाटर-प्याज चिल्ला नाश्ता 10 मिनट में तैयार होता है. यह स्वादिष्ट और पौष्टिक होता है. यह बच्चों-बड़ों के लिए परफेक्ट विकल्प माना जाता है.
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी की गृहणी खुशबू कुमारी फूड एक्सपर्ट मानी जाती हैं. उनका मानना है कि अगर सुबह कम समय में स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ता बनाना हो तो आटा-सूजी का टमाटर-प्याज चिल्ला सबसे बेहतर विकल्प है. यह रेसिपी न सिर्फ झटपट तैयार होती है, बल्कि घर में उपलब्ध साधारण सामग्री से बन जाती है. बच्चों के टिफिन से लेकर बड़ों के नाश्ते तक, हर किसी को इसका हल्का मसालेदार और कुरकुरा स्वाद पसंद आता है. सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती है और मात्र 10 मिनट में गरमा-गरम चिल्ला बनकर तैयार हो जाता है.
जानें चिल्ला की रेसिपी
इस रेसिपी के लिए एक कप आटा और एक कप सूजी को एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह मिला लें. इसमें स्वादानुसार नमक डालें और धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए मध्यम गाढ़ा घोल तैयार करें. घोल न ज्यादा पतला हो और न ज्यादा गाढ़ा. इसे 5 से 10 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें ताकि सूजी फूलकर नरम हो जाए. इसके बाद इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और ताजा धनिया पत्ता डालकर अच्छी तरह मिला लें. चाहें तो हल्का सा लाल मिर्च पाउडर या चाट मसाला भी डाल सकते हैं, जिससे स्वाद और बढ़ जाएगा.
अब गैस पर एक तवा या पैन गरम करें. तवे पर हल्का सा तेल लगाकर चम्मच की मदद से तैयार घोल डालें और गोल आकार में पतला फैलाएं. आंच मध्यम रखें ताकि चिल्ला धीरे-धीरे सिके और अंदर से भी अच्छी तरह पक जाए. जब नीचे की सतह सुनहरी हो जाए तो पलट दें और दूसरी ओर भी हल्का तेल लगाकर सेकें. जहां दोनों तरफ से कुरकुरा और सुनहरा होने तक पकाएं. इस प्रक्रिया को बाकी घोल के साथ दोहराएं.
तैयार चिल्ला को गरमागरम हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही के साथ परोसें. खुशबू कुमारी कहती हैं कि यह नाश्ता स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छा है, क्योंकि इसमें आटा और सूजी दोनों का संतुलित मिश्रण होता है. सब्जियों की मौजूदगी इसे और भी पौष्टिक बना देती है. कम समय में तैयार होने वाली यह रेसिपी व्यस्त सुबह के लिए एकदम परफेक्ट है और परिवार के चेहरे पर मुस्कान ला देती है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में लगभग 4 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटेंट राइटर…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.