Famous food Gorakhpur: गोरखपुर सिर्फ धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान के लिए ही नहीं, बल्कि अपने लजीज स्ट्रीट फूड के लिए भी जाना जाता है. अगर आप खाने-पीने के शौकीन हैं और शहर घूमने आए हैं, तो कुछ खास जायके ऐसे हैं जिन्हें चखे बिना आपकी यात्रा अधूरी मानी जाएगी. चौक-चौराहों से लेकर खास जगहों तक, इन पांच स्ट्रीट फूड में छिपा है गोरखपुर का असली स्वाद.
इंदिरा बाल विहार इलाके का कबाब-पराठा शहर की पहचान बन चुका है. यहां दाल और मसालों को बारीक पीसकर खास अंदाज में तैयार किया जाता है. कबाब को तवे पर हल्का क्रिस्प होने तक सेंका जाता है और मैदे के नरम पराठे के साथ परोसा जाता है. साथ में मिलती है हरी चटनी और प्याज का सलाद, जो इसके स्वाद को दोगुना कर देता है. शाम के वक्त यहां लोगों की भीड़ इस बात की गवाही देती है कि यह स्वाद कितना खास है.

रामगढ़ ताल के किनारे नौका विहार में मिलने वाला मटका रसगुल्ला अपने अलग अंदाज के लिए मशहूर है. ताजे छेने से बने रसगुल्ले को पहले चाशनी में पकाया जाता है, फिर मिट्टी के मटके में रखकर ठंडा किया जाता है. मटके की हल्की मिट्टी की खुशबू मिठास में एक अलग ही फ्लेवर जोड़ देती है. ताल किनारे बैठकर इसे खाने का अनुभव और भी यादगार बन जाता है.

नौका विहार में ही पनीर दही बड़ा भी लोगों की पहली पसंद है. उड़द दाल के बड़े को नरम दही में डुबोकर ऊपर से ताजे पनीर के टुकड़े, मीठी-तीखी चटनी और मसाले डाले जाते हैं. इसका संतुलित स्वाद, न ज्यादा मीठा, न ज्यादा तीखा, इसे हर उम्र के लोगों के बीच लोकप्रिय बनाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गोरखनाथ कॉम्प्लेक्स, विजय चौक और गोलघर में मिलने वाली मलाई चाय का स्वाद बेहद खास माना जाता है. दूध को लंबे समय तक पकाकर गाढ़ा किया जाता है, जिससे ऊपर मोटी मलाई जमती है. कुल्हड़ में परोसी जाने वाली यह चाय मिट्टी की खुशबू और गाढ़े स्वाद के कारण अलग पहचान रखती है. ठंडी शाम में इसका एक कप पूरे दिन की थकान मिटा देता है.

गोरखपुर में मिलने वाला लिट्टी चोखा बेहद खास माना जाता है. आपको हर चौक चौराहे पर यह लिट्टी चोखा दिखेगा और इसके साथ मिलने वाली चटनी और चोखे के साथ सलाद इसको खास बनाता है. हर चौराहे पर कंडे पर देसी अंदाज में लिट्टी पकता आपको दिखेगा और इसके साथ चोखा भी बनता दिखेगा, यह डिश बेहद खास मानी जाती है और देसी घी के साथ भी लोग इसे खाना पसंद करते हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.