Rajpal Yadav Bail: मशहूर एक्टर राजपाल यादव को 16 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट ने अंतरिम जमानत दी है। सारी फॉर्मेलिटी पूरी होने के बाद एक्टर 17 फरवरी की दोपहर को दिल्ली की तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं। उन्होंने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था और अब 12 दिनों के बाद उन्हें रिहा किया गया है।
राजपाल यादव इस समय चेक बाउंस मामले में फंसे हैं। उनके ऊपर 9 करोड़ रुपये का कर्ज है। कोर्ट ने राजपाल के वकील को अंतरिम जमानत के लिए प्रतिवादी के नाम पर 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करने का आदेश दिया था। इसके बाद ही उन्हें सोमवार को 18 मार्च तक अंतरिम जमानत मिल पाई है।
राजपाल यादव आए तिहाड़ जेल से बाहर
राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल से बाहर आते ही मीडिया से बातचीत की। इस दौरान एक्टर मुस्कुराते नजर आए और साफ सीधे शब्दों में कहा कि अगर उनके ऊपर कोई आरोप है तो वो जवाब देने के लिए तैयार हैं।
उनके मुताबिक, “लीगल जानकारी हमारे वकील भास्कर उपाध्याय से पूछ सकते हैं। मैं ये कहना चाहूंगा कि मुझे बॉलीवुड में 30 साल हो जाएंगे। देश का बच्चा-बच्चा मेरे साथ रहा है, तभी मैं 250 फिल्में कर पाया हूं। ये किस्सा 2012 में शुरू हुआ था, 2026 तक मैं 250 फिल्में कर चुका हूं। भारतीय सिनेमा का बच्चा, नौजवान, बूढ़ा मेरे कलेजे का टुकड़ा है। पूरा देश मेरे साथ है”।
राजपाल यादव ने आगे कहा- “कोर्ट ने पिछले 10 सालों में जहां-जहां आदेश दिए, मैं हाजिर मिला हूं, आगे भी ऐसे ही हाजिर मिलूंगा। पूरे देश का सपोर्ट मिला है। 100-150 करोड़ लोग मेरे साथ हैं। सबसे मेरा एंटरटेनमेंट और ब्लड सर्कुलेशन का रिश्ता है। अगर मुझपर कोई आरोप है तो मैं हर जगह और हर चौराहे पर जवाब देने के लिए हाजिर हूं। मुझे सुनने के लिए थैंक्यू हाई कोर्ट”।
भतीजी की शादी में शामिल होंगे राजपाल यादव
बता दें कि राजपाल यादव जेल से बाहर आने के बाद शाहजहांपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होंगे जो 19 फरवरी को होने वाली है। इसके लिए उन्हें अंतरिम जमानत दी गई है। अब मामले में अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.