मनचाही जगह ट्रेन रुकवाने में दानापुर के लोग सबसे आगे हैं. जहां चाहा, वहीं चेन खींची और झट से उतर गए. हालांकि कई बार पकड़े गए हैं और जुर्माना भी मोटा चुकाया है. भारतीय रेलवे ट्रेनों को समय से चलाने के लिए चेन पुलिंग करने वालों को पकड़ने के खिलाफ लगातार अभियान चलाता है.
रेलवे ऐसे लोगों को पकड़ने के लिए लगातार करता है कार्रवाई.
पूर्व मध्य रेल मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद के अनुसार बिना पर्याप्त कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग करके रेल गाड़ियों को जहां-तहां रोकने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती रही है.
ऑपरेशन ‘समय पालन‘ के तहत जनवरी माह रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न सेक्शन में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में 1030 लोगों को हिरासत में लिया. इन लोगों के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई. ऑपरेशन ‘समय पालन’ के तहत इस दौरान सर्वाधिक 496 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गये, जबकि समस्तीपुर मंडल में 200, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 108, सोनपुर मंडल में 130 तथा धनबाद मंडल में 96 लोगों को हिरासत में लिए गए और उन पर जुर्माना भी लगाया गया.
ऑपरेशन महिला सुरक्षा
इसी तरह महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर ऑपरेशन ‘महिला सुरक्षा‘ के तहत महिला कोच में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी धर-पकड़ अभियान चलाया गया. ऑपरेशन ‘महिला सुरक्षा‘ के तहत जनवरी रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न सेक्शनों पर महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत 3567 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया. इनमें सर्वाधिक 1797 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गये, जबकि पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 656, समस्तीपुर मंडल में 488, सोनपुर मंडल में 396 तथा धनबाद मंडल में 230 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.