Line of Credit: लाइन ऑफ क्रेडिट ऐसी बैंक सुविधा है जिसमें ग्राहक को एक तय लिमिट तक पैसा उधार लेने की अनुमति मिलती है, लेकिन ब्याज सिर्फ उतनी रकम पर लगता है जितनी वह निकालता है. जरूरत पड़ने पर पैसा लिया जा सकता है और चुकाने के बाद वही लिमिट फिर से उपलब्ध हो जाती है.
बैंक से ले सकते हैं लाइन ऑफ क्रेडिट की सुविधा
कैसे काम करती है यह सुविधा?
मान लीजिए बैंक ने आपके लिए 5 लाख रुपये की ‘लाइन ऑफ क्रेडिट’ लिमिट तय की है. इसका मतलब यह नहीं कि यह पैसा आपके खाते में आ गया और ब्याज शुरू हो गया. इसका मतलब है कि 5 लाख रुपये का एक ‘पूल’ आपके लिए तैयार है. अगर आप इसमें से जरूरत पड़ने पर सिर्फ 1 लाख रुपये निकालते हैं, तो ब्याज केवल उसी 1 लाख रुपये पर लगेगा. बाकी के 4 लाख रुपये वैसे ही पड़े रहेंगे और उन पर कोई ब्याज नहीं लगेगा. लाइन ऑफ क्रेडिट की खासियत यह है कि जैसे ही आप उधार लिया हुआ पैसा वापस बैंक को चुकाते हैं, आपकी लिमिट फिर से बढ़ जाती है यानी आपको बार-बार नया लोन अप्लाई करने की जरूरत नहीं पड़ती.
कहां आता है काम?
यह सुविधा उन कामों के लिए सबसे अच्छी है जहां खर्च का अंदाजा सटीक न हो:
- घर का रिनोवेशन: घर बनवाते समय खर्चे किस्तों में आते हैं. आप जरूरत के हिसाब से पैसे निकालते रहें और ब्याज बचाते रहें.
- बिजनेस की जरूरत: छोटे बिजनेसमैन इसका इस्तेमाल तब करते हैं जब क्लाइंट से पेमेंट आने में देरी हो रही हो.
सावधानी भी है जरूरी
चूंकि पैसा निकालना बहुत आसान होता है, इसलिए कई बार लोग बेवजह खर्च करने की आदत डाल लेते हैं. ध्यान रखें कि इसकी ब्याज दरें होम लोन जैसे ‘सिक्योर्ड लोन’ से थोड़ी ज्यादा हो सकती हैं. इसे लंबे समय के कर्ज के बजाय छोटे समय की जरूरतों के लिए इस्तेमाल करना समझदारी है.
कब इस्तेमाल करना बेहतर
फाइनेंशियल एक्सपर्ट मानते हैं कि लाइन ऑफ क्रेडिट कम समय के लिए और जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल करने का अच्छा विकल्प हो सकता है. इसे ऐसे समझ सकते हैं जैसे यह आपके लिए एक फाइनेंशियल बफर है. जब अचानक पैसों की जरूरत पड़े, तब यह मदद कर सकता है. लेकिन किसी भी उधार की तरह इसे सोच-समझकर लेना और समय पर चुकाना ही सबसे बेहतर तरीका है.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.