Ramayana Teaser: आज (2 अप्रैल) हनुमान जयंती के मौके पर रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) का टीजर जारी कर दिया गया है। फिल्म की पहली झलक का फैंस लंबे वक्त से इंतजार कर रहे थे और इसे लेकर काफी हाईप भी बना हुआ था। फिल्म का टीजर वीडियो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसको लेकर रिएक्शन की भी बाढ़ आ गई। कुछ इसकी तारीफों में पुल बांधते नजर आए, कुछ लोग इसकी तुलना प्रभास की ‘आदिपुरुष’ और रामानंद सागर की ‘रामायण’ से तुलना करने लगे, तो कई लोग टीजर में एक-एक कमियां गिनाते भी नजर आए।
‘रामायण’ नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार, माता सीता के रोल में साई पल्लवी, तो लक्ष्मण का किरदार रवि दुबे निभा रहे हैं। वहीं, सनी देओल हनुमान और यश रावण के किरदार में दिखेंगे।
मेकर्स ने जारी किया ढाई मिनट से ज्यादा का टीजर
2 मिनट 38 सेकेंड के टीजर में को ‘राम’ (Rama) टाइटल दिया गया है। इसमें भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर की पहली झलक देखने मिल रही है। पहले उनके महल में रहने वाले दृश्यों को दिखाया गया। इसके बाद टीजर में वनवास की झलक भी देखने मिल रही है। उनके साथ माता सीता और लक्ष्मण की भी झलक दिखी है। टीजर के आखिर में रावण के रोल में यश भी नजर आते हैं। साथ ही रावण के पुष्पक विमान को भी दिखाया गया है।
‘रामायण’ के टीजर पर लोगों के अलग-अलग रिएक्शंस आ रहे हैं। कुछ लोगों को टीजर काफी पसंद आया और वे इसकी तारीफ करते नजर आए। तो कुछ लोगों ने इसमें कमियां भी निकाल दी।
एक यूजर ने लिखा, “चलने वाला सीन पूरी तरह से AI-जनरेटेड लग रहा है। बगल में खड़े लोगों की आंखों में कोई श्रद्धा नजर नहीं आ रही। लगभग हर कोई कहीं और ही देख रहा है… एक सुनहरा मौका हाथ से निकल गया।” दूसरे ने कहा, “कहीं ये दूसरी आदिपुरुष न बन जाए VFX के चक्कर में…।”
एक और यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “रुको। क्या? पुष्पक विमान को उड़ते हुए दिखाने के लिए बैकग्राउंड में एक मॉडर्न चॉपर की आवाज़? अरे, कम से कम उन बड़े पत्तों को थोड़ा तेजी से तो घुमाओ ताकि आवाज़ से तालमेल बैठ सके। हे भगवान।” अन्य यूजर ने कहा, “टीजर अच्छा है। इसके विजुअल्स बहुत सुंदर हैं, रणबीर का काम जबरदस्त है और म्यूज़िक भी ठीक-ठाक है। लेकिन 4000 करोड़ का बजट इसमें कहीं नजर नहीं आ रहा है। टीजर में ऐसे कोई भी जबरदस्त शॉट्स नहीं दिखाए गए हैं जिनसे दर्शकों में कोई खास उत्साह जागे।”
फिल्म रामायण के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा हैं। फिल्म में ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और एआर रहमान का संगीत है। मूवी को 2 पार्ट में बनाया गया है। पहला पार्ट 2026 की दिवाली के मौके पर रिलीज होगा। वहीं, दूसरा पार्ट 2027 की दिवाली पर आएगा।