उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अपनी बेटी किम जू ए को उत्तराधिकारी के रूप में चुन लिया है. दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (NIS) ने आज संसद के सदस्यों को बंद कमरे में ब्रीफिंग देते हुए यह जानकारी दी. NIS ने कहा कि किम जू ए अब ‘उत्तराधिकारी नियुक्ति के चरण’ में पहुंच चुकी हैं. पहले NIS उन्हें ‘उत्तराधिकारी प्रशिक्षण’ में बता रही थी, लेकिन अब आकलन बदला गया है. यानी उत्तर कोरिया में किम परिवार की चौथी पीढ़ी तक सत्ता पहुंचाने का काम शुरू हो चुका है.
कौन हैं किम जोंग की बेटी किम जू?
किम जू ए के बारे में बहुत कम जानकारी सार्वजनिक है. माना जाता है कि उनकी उम्र करीब 13 साल है और वे 2013 में पैदा हुई थीं. वह नवंबर 2022 में पहली बार दिखाई दी थीं, जब एक लंबी दूरी की मिसाइल टेस्ट हुआ था. इसके बाद से वे अपने पिता के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में दिखाई दी हैं, जैसे हथियार परीक्षण, सैन्य परेड, फैक्ट्री उद्घाटन और हाल ही में कोरियाई पीपुल्स आर्मी की स्थापना दिवस पर.
जनवरी 2026 में उन्होंने कुमसुसन सन पैलेस (किम परिवार का प्रतीकात्मक मकबरा) का दौरा किया, जो उत्तराधिकार के लिए महत्वपूर्ण संकेत माना जाता है. सितंबर 2025 में वे पिता के साथ बीजिंग गईं, जो उनकी पहली विदेश यात्रा थी. वहां वे चीनी नेता शी जिनपिंग से मिलीं और उत्तर कोरियाई दूतावास में कार्यक्रमों में शामिल हुईं. NIS का कहना है कि इन घटनाओं से पता चलता है कि किम जू ए अब नीतिगत मामलों पर राय दे रही हैं और उन्हें दूसरे सबसे ऊंचे पद पर माना जा रहा है.
किम जू को उत्तराधिकारी मानने का तर्क क्या?
NIS ने यह आकलन कई आधारों पर किया है. इसमें उनकी बढ़ती सार्वजनिक मौजूदगी, सैन्य कार्यक्रमों में हिस्सा, कुमसुसन पैलेस दौरा और कुछ नीतियों पर उनकी राय शामिल है. NIS अब बारीकी से देख रही है कि क्या किम जू ए आगामी वर्कर्स पार्टी कांग्रेस में पिता के साथ दिखती हैं, वहां उन्हें कोई आधिकारिक पद मिलता है या नहीं. अगर ऐसा हुआ तो उत्तराधिकार की अटकलें और मजबूत होंगी.
नॉर्थ कोरिया की 9वीं कांग्रेस का आयोजन
यह खबर ऐसे समय आई है जब उत्तर कोरिया इस महीने के अंत में अपनी 9वीं पार्टी कांग्रेस बुलाने जा रहा है. यह कांग्रेस हर पांच साल में होती है और देश का सबसे बड़ा राजनीतिक आयोजन है. यहां किम जोंग उन अगले पांच साल के लिए प्रमुख नीतियां घोषित करेंगे, जिनमें अर्थव्यवस्था, विदेश नीति और रक्षा नीति शामिल है. NIS का अनुमान है कि कांग्रेस 16 फरवरी (किम जोंग इल का जन्मदिन) या चंद्र नववर्ष के बाद हो सकती है.
किम परिवार के पास रही नॉर्थ कोरिया की सत्ता
किम जोंग उन की उम्र 42 साल है और स्वास्थ्य संबंधी अफवाहें समय-समय पर आती रहती हैं. उत्तर कोरिया में सत्ता हमेशा किम परिवार में ही रही है. किम इल सुंग से किम जोंग इल और फिर किम जोंग उन तक. अब किम जू ए के साथ यह चौथी पीढ़ी होगी. एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह किम परिवार की सत्ता को मजबूत करने और स्थिरता दिखाने की कोशिश है, लेकिन उत्तर कोरिया की बंद व्यवस्था में पुष्टि मुश्किल है. प्योंगयांग की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. आने वाले दिनों में पार्टी कांग्रेस और किम जू ए की भूमिका पर और अपडेट आ सकते हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.