Last Updated:
India Vs Namibia T20 World Cup 2026: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम के बाहर आज टीम इंडिया के फैंस का जबरदस्त जुनून देखने को मिला. कोई तिरंगे में लिपटा था, तो कोई महाराष्ट्र से सफर तय कर सिर्फ भारत का मैच देखने पहुंचा. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई टीम इंडिया की जीत और तूफानी बल्लेबाजी की उम्मीद में स्टेडियम के बाहर बेसब्र नजर आया.
नई दिल्लीः क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर राजधानी दिल्ली के सिर चढ़कर बोल रहा है. दिल्ली के ऐतिहासिक अरुण जेटली स्टेडियम में आज भारत और नामीबिया के बीच मुकाबला होने जा रहा है. मैच शुरू होने में अब कुछ ही मिनट शेष हैं, लेकिन स्टेडियम के बाहर का नजारा यह बताने के लिए काफी है कि भारतीय फैंस के लिए प्रतिद्वंद्वी टीम मायने नहीं रखती, उनके लिए सिर्फ टीम इंडिया का नाम ही काफी है.
तिरंगे के रंग में रंगी सुचिता बनीं आकर्षण का केंद्र
स्टेडियम के बाहर फैंस का जोश सातवें आसमान पर है. न्यूज 18 की टीम जब माहौल का जायजा लेने पहुंची, तो हमारी मुलाकात सुचिता नाम की एक ऐसी प्रशंसक से हुई जो सिर से लेकर पांव तक तिरंगे के तीन रंगों में लिपटी हुई थीं. सुचिता ने बताया कि चाहे वर्ल्ड कप हो या एशिया कप, वह हर बड़े टूर्नामेंट में इसी अंदाज में टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने पहुंचती हैं. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कपड़ा नहीं, मेरी भावनाएं हैं जो मुझे भारत को सपोर्ट करने के लिए प्रेरित करती हैं.
स्टेडियम के बाहर लंबी कतारों में खड़े फैंस में सिर्फ दिल्लीवाले ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से आए लोग भी शामिल हैं. महाराष्ट्र से आया दोस्तों का एक ग्रुप विशेष रूप से इस मैच के लिए दिल्ली पहुंचा है. दिलचस्प बात यह है कि इन फैंस के लिए नामीबिया के खिलाफ यह मैच एक प्रैक्टिस मैच जैसा है. उन्होंने उत्साह के साथ कहा कि असली रोमांच तो कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होगा. जहां टीम इंडिया तिरंगा लहराएगी. हम उस महामुकाबले की तैयारी के रूप में आज यहां अपनी टीम को चीयर करने आए हैं.
नन्हे फैंस को खली अभिषेक शर्मा की कमी, सूर्या और ईशान से उम्मीदें
फैंस की भीड़ में अपने माता-पिता के साथ आए छोटे बच्चे भी बड़ी संख्या में दिखे. तिरंगा झंडा थामे इन बच्चों ने बताया कि वे युवा सनसनी अभिषेक शर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी देखने के लिए बेताब थे. हालांकि, आज के मैच में अभिषेक शर्मा के न खेलने की खबर से वे थोड़े मायूस जरूर दिखे, लेकिन उनकी उम्मीदें अब सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन पर टिकी हैं. बच्चों का मानना है कि मिस्टर 360 और ईशान मिलकर नामीबिया के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा देंगे. फिलहाल, स्टेडियम के बाहर हजारों प्रशंसक कतारबद्ध हैं और जल्द से जल्द अंदर पहुंचकर अपनी पसंदीदा टीम के लिए शोर मचाने को तैयार हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.