Mohammed Shami Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पिछले कुछ समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, जिसके बाद उनके संन्यास को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब शमी ने इन सभी अफवाहों पर विराम लगाते हुए अपनी चुप्पी तोड़ी है। एक इंटरव्यू में शमी ने साफ शब्दों में कहा कि वह फिलहाल क्रिकेट को अलविदा कहने के बारे में सोच भी नहीं रहे हैं। उनके मुताबिक, संन्यास का विचार मन में लाना खुद को पीछे धकेलने जैसा है।
मोहम्मद शमी ने अपने रिटायरमेंट की शर्त बताते हुए कहा कि जिस दिन वह सुबह सोकर उठेंगे और उन्हें महसूस होगा कि वह खेल से ऊब चुके हैं या उन्हें आलस महसूस होगा, उसी दिन वह संन्यास का ऐलान कर देंगे। उन्होंने कहा कि जब तक वह शारीरिक रूप से फिट हैं और खेल का आनंद ले रहे हैं, उनके मन में संन्यास का कोई ख्याल नहीं है। शमी का मानना है कि संन्यास के बारे में सोचना इस बात का संकेत है कि खिलाड़ी मानसिक रूप से थक चुका है, लेकिन उनके साथ अभी ऐसी कोई स्थिति नहीं है।
BCCI की चयन समिति द्वारा लगातार नजरअंदाज किए जाने पर भी शमी ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि टीम में चुना जाना या न चुना जाना उनके हाथ में नहीं है और वह अपनी किस्मत नहीं बदल सकते। शमी ने जोर देकर कहा कि एक गेंदबाज के तौर पर वह अपना 100 प्रतिशत योगदान देना जारी रखेंगे। उनका पूरा फोकस अपनी फिटनेस और प्रदर्शन पर है।
मोहम्मद शमी का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने भारत के लिए 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट, 108 वनडे में 206 विकेट और 25 टी20 मैचों में 26 विकेट चटकाए हैं। हालांकि, उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच जून 2023 में खेला था और तब से वे रेड बॉल क्रिकेट से दूर हैं। सीमित ओवरों के क्रिकेट में भी उनकी वापसी का इंतजार उनके फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। फिलहाल वह IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से अपनी धार दिखाने को तैयार हैं।