- कॉपी लिंक
अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर और इंटर मियामी के कप्तान लियोनेल मेसी आधिकारिक मैचों में 900 गोल करने वाले दुनिया के दूसरे पुरुष फुटबॉलर बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम नैशविले एससी के खिलाफ कॉन्काकैफ (CONCACAF) चैंपियंस कप के दूसरे लेग में हासिल किया।
हालांकि, मेसी के इस गोल के बावजूद इंटर मियामी का सफर टूर्नामेंट में आगे नहीं बढ़ सका। मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा, जिसमें नैशविले के लिए क्रिस्टियन एस्पिनोजा ने गोल किया।
पहला लेग नैशविले के घरेलू मैदान पर खेला गया था, जो 0-0 से ड्रॉ रहा। इसके बाद दूसरा लेग इंटर मियामी के होम ग्राउंड पर खेला गया, जहां दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया और मैच 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ।
दोनों लेग के बाद कुल स्कोर बराबर रहने पर ‘अवे गोल’ नियम लागू किया गया। इस नियम के तहत जो टीम विपक्षी मैदान पर अधिक गोल करती है, उसे बढ़त मिलती है। इसी आधार पर नैशविले एससी अगले दौर में पहुंच गया, जबकि इंटर मियामी टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

इंटर मियामी के फॉरवर्ड लियोनेल मेसी ने अपने बाएं पैर से करियर का 900वां गोल दागा।
कोच बोले- जिम्मेदारी मेरी मैच के बाद इंटर मियामी के कोच जेवियर मस्केरानो ने हार की जिम्मेदारी खुद ली। उन्होंने कहा, ‘यह निराशाजनक रात है। हमने बढ़त बनाई थी और पहले हाफ में कई मौके भी बनाए, लेकिन हम उन्हें गोल में नहीं बदल सके।’
उन्होंने कहा कि टीम ने पूरी कोशिश की, लेकिन अंत में नतीजा उनके पक्ष में नहीं गया।
वहीं, नशविल के कोच बीजे कैलाघन ने मेसी की तारीफ करते हुए कहा, ‘900 गोल, उन्हें बधाई। वह सबसे बेहतरीन हैं।’
रोनाल्डो के नाम 965 गोल
मेसी अब क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ 900 गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। रोनाल्डो ने यह उपलब्धि सितंबर 2024 में हासिल की थी और उनके नाम फिलहाल 965 गोल हैं। मेसी ने 1142 मैच में 900 गोल पूरे किए, जबकि रोनाल्डो ने 1236 मैच खेले थे।
ब्राजील के दिग्गज पेले 765 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि मौजूदा खिलाड़ियों में रॉबर्ट लेवांडोव्स्की 690 गोल के साथ पीछे हैं।

900वां गोल करने के बाद मेसी सेलीब्रेट करते हुए।
बार्सिलोना के लिए किए सबसे ज्यादा गोल, 2012 रहा करियर का बेस्ट साल मेसी ने 16 अक्टूबर 2004 को बार्सिलोना के लिए अपना प्रोफेशनल डेब्यू किया था और क्लब के लिए 672 गोल किए। इसके बाद उन्होंने पेरिस सेंट जर्मेन के लिए 32 और इंटर मियामी के लिए 81 गोल किए हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने अर्जेंटीना के लिए 115 गोल किए हैं।
मेसी के करियर का सबसे शानदार साल 2012 रहा था। उस एक कैलेंडर ईयर में उन्होंने क्लब और देश के लिए कुल 91 गोल दागे थे, जो आज भी एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। हाल के प्रदर्शन की बात करें तो मेसी ने 2025 एमएलएस सीजन में 29 गोल कर गोल्डन बूट जीता और लगातार दूसरी बार एमवीपी अवॉर्ड भी हासिल किया।
————————-
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
लिवरपूल 2022 के बाद चैंपियंस लीग के क्वार्टर फाइनल में:गैलेटसाराय को हराया; मोहम्मद सलाह 50 गोल करने वाले पहले अफ्रीकी खिलाड़ी बने

लिवरपूल ने 2022 के बाद पहली बार चैंपियंस लीग क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को एनफील्ड के मैदान पर खेले गए प्री क्वार्टर फाइनल में तुर्की क्लब गैलेटसाराय को 4-0 से हराया। इससे कुल मिलाकर 4-1 से लिवरपूल आगे बढ़ गया। पहले लेग में गैलेटसाराय ने 1-0 से जीता था। पूरी खबर
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
