पश्चिम बंगाल में चुनावी बिगुल बज चुका है. चुनाव आयोग ने आज (15 मार्च) को इलेक्शन की तारीखों का ऐलान कर दिया है. बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा और 4 मई को नतीजों का ऐलान किया जाएगा. चुनाव की घोषणा होते ही सियासी दलों ने तैयारियों को और तेज कर दिया है, नतीजे किसके पक्ष में आएंगे, इसका पता तो चुनाव के परिणाम आने के बाद ही चल पाएगा, लेकिन इससे पहले MATRIZE-IANS ने चुनावी मूड जानने के लिए ओपिनियन पोल किया है. जानिए बंगाल में किस पार्टी का पलड़ा भारी दिख रहा है.
बंगाल में दो चरणों में होंगे चुनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में चुनाव कराया जाएगा. पहले चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा. नतीजों का ऐलान 4 मई को किया जाएगा. लंबे अरसे बाद राज्य में दो चरणों में इलेक्शन हो रहा है, पिछली बार बंगाल में आठ फेज में इलेक्शन हुआ था.
किसका होगा बंगाल?
MATRIZE-IANS के ओपिनियन पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में ममता बनर्जी एक बार फिर बाजी मार सकती हैं. पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं. बहुमत हासिल करने के 148 सीटों की जरूरत होगी. पोल के आंकड़े देखें तो तृणमूल कांग्रेस फिस से सत्ता में वापसी कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो TMC लगातार चौथी बार बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज होने में कामयाब रहेगी.
किसे कितनी सीटें मिलने का अनुमान?
MATRIZE-IANS के ओपिनियन पोल के अनुसार, पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 155 से 170 सीटें मिल सकती हैं. जबकि बीजेपी के खाते में 100 से 115 सीटें जाने का अनुमान है. वहीं ओपिनियन पोल में AIMIM को 5-6 और अन्य को 0-1 सीट मिलने का अनुमान है.
2011 से सत्ता में ममता बनर्जी
साल 2011 से तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में सत्ता पर काबिज हैं. साल 2021 में टीएमसी ने 213 सीटों पर जीत दर्ज की थी.बीजेपी का इस चुनाव में प्रदर्शन बेहतर रहा था. बीजेपी को जहां 2016 में केवल 3 सीटों पर जीत मिली थी तो 2021 में उसकी सीटों की संख्या बढ़कर 77 पहुंच गई थी. जबकि उसका वोट शेयर 38 प्रतिशत था.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.