म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री से जुड़े ताजा आंकड़े बताते हैं कि भारत में इक्विटी फंड्स का सिक्का अब भी चल रहा है. पूरी दुनिया में मची उथल-पुथल और भारत के बाजार में कोहराम के बावजूद इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में गिरावट नहीं देखी गई है. हालांकि, अन्य तरह के फंड्स में इसका असर जरूर देखने को मिल रहा है.
इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश बढ़ा है.
इसका प्रमाण यह है कि म्यूचुअल फंड्स में न सिर्फ पुराना इनफ्लो बना हुए बल्कि पहले के मुकाबले और बढ़कर आ रहा है. मनीकंट्रोल की एक खबर के अनुसार, फरवरी में इक्विटी म्यूचुअल फंड में ₹25,978 करोड़ का निवेश आया. जो जनवरी के मुकाबले 8 फीसदी अधिक है. एसआईपी में रिकॉर्ड ₹23000 करोड़ से ज्यादा का निवेश हर महीने आ रहा है. लेकिन पूरी म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में यह ट्रेंड नहीं दिख रहा है. हर तरह के फंड को मिलाकर फरवरी का कुल निवेश देखा जाए तो 94,543 करोड़ रुपये होता है. लेकिन यह जनवरी के 1.56 लाख करोड़ के इन्वेस्टमेंट के मुकाबले बहुत बड़ी गिरावट है.
कहां आया सबसे ज्यादा पैसा
इक्विटी के अंदर सबसे ज्यादा फंड फ्लेक्सी कैप में आया. इसने 6925 करोड़ रुपये के निवेश के साथ निवेश की अगुआई की. इसके बाद मिड कैप फंड्स में 4003 करोड़ का फंड आया. स्मॉल कैप में 3881 करोड़ और लार्ज कैप में 2112 करोड़ रुपये का निवेश आया. लोगों को सेक्टर आधारित फंड्स भी पसंद आए. इनमें 2987 करोड़ रुपये का निवेश आया जो जनवरी में 1043 करोड़ रुपये था. इसके अलावा मल्टी कैप फंड्स में 1934 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया.
कहां से निकला पैसा
ईएलएसएस, गोल्ड ईटीएफ, सिल्वर ईटीएफ और कुछ सेक्टोरल फंड्स में से पैसा निकाला गया है. गोल्ड ईटीएफ में निवेश 24000 करोड़ रुपये से गिरकर 5255 करोड़ पर आ गया. दिसंबर में यह 11,647 करोड़ और नवंबर में 3742 करोड़ रुपये था. मनीकंट्रोल के अनुसार, यह बताता है कि लोगों ने सोने में निवेश जारी रखा लेकिन जनवरी में जितनी तेजी से यह बढ़ा था वह रफ्तार कायम नहीं रह पाई. कुल मिलाकर इक्विटी रिलेटेड फंड्स का जलवा देखने को मिल रहा है लेकिन बाकी फंड्स में पैसा लगाने से निवेशक थोड़ा बच रहे हैं.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.