मुंबई में भारत की पहली म्यूजिकल सड़क का उद्घाटन 11 फरवरी 2026 को किया गया है, जहां गाड़ी चलाते ही फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर का ऑस्कर विजेता गाना जय हो सुनाई देता है. यह सड़क कोस्टल रोड के नरीमन पॉइंट से वर्ली की ओर जाने वाली लेन में बनाई गई है. इस खास सड़क को 6.21 करोड़ रुपये की लागत से रंबल स्ट्रिप्स तकनीक से तैयार किया गया है, जिसमें टायर के घर्षण से संगीत पैदा होता है. यह तकनीक हंगरी के एक्सपर्ट्स की मदद से विकसित की गई है और भारत इस तरह की सड़क वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया है.
यह म्यूजिकल स्ट्रेच अंडरग्राउंड टनल से बाहर निकलने के करीब 500 मीटर बाद शुरू होता है और इसे डिवाइडर के पास वाली पहली लेन में डिजाइन किया गया है. इस सड़क पर वाहन चलाने पर फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर का मशहूर ऑस्कर विजेता गाना जय हो बजता है, जो ड्राइविंग एक्सपीरियंस को बिल्कुल नया फील देता है.
कैसे बजता है सड़क पर गाना
इस सड़क को रंबल स्ट्रिप्स तकनीक से तैयार किया गया है, जिसमें सड़क की सतह पर खास दूरी और गहराई पर खांचे बनाए गए हैं. जब गाड़ी के टायर इन खांचों के ऊपर से गुजरते हैं, तो घर्षण और कंपन से ध्वनि तरंगें पैदा होती हैं. ये तरंगें मिलकर एक धुन बनाती हैं, जो केवल गाड़ी के अंदर बैठे लोगों को सुनाई देती है.
धुन को सही तरीके से सुनने के लिए गाड़ी की स्पीड 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रखना जरूरी है. इससे कम या ज्यादा रफ्तार होने पर संगीत की धुन बिगड़ सकती है. इसके साथ ही ड्राइवर को डिवाइडर के पास वाली पहली लेन में ही गाड़ी चलानी होती है.
कितनी लागत आई और किसने बनाई तकनीक
बीएमसी (BMC) ने इस म्यूजिकल सड़क को लगभग 6.21 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया है, जिसमें जीएसटी अलग है. इस प्रोजेक्ट को हंगरी के विशेषज्ञों की मदद से विकसित किया गया है.
इस तकनीक के साथ भारत दुनिया का संभवतः पांचवां देश बन गया है, जहां इस तरह की म्यूजिकल सड़क मौजूद है. इससे पहले जापान, दक्षिण कोरिया, यूएई और हंगरी में ऐसी सड़कें बनाई जा चुकी हैं.
सुरक्षा के लिए खास इंतजाम
ड्राइवर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टनल के अंदर 500 मीटर, 100 मीटर और 60 मीटर की दूरी पर सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालक पहले से तैयार रहें और अचानक ब्रेक न लगाएं.
माना जा रहा है कि यह इनोवेशन न सिर्फ ड्राइविंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाएगा बल्कि भविष्य में भारत के अन्य शहरों में भी ऐसी टेक्नोलॉजी को अपनाया जा सकता है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.