KKR vs SRH: IPL 2026 का छठा मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला गया। टॉस जीतकर KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन SRH के सलामी बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित करने में देर नहीं लगाई।
ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने आते ही मैदान के चारों ओर शॉट्स की झड़ी लगा दी। दोनों ने महज 34 गेंदों में 82 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर डाली। हेड ने 21 गेंदों पर 46 रन बनाए, तो वहीं अभिषेक शर्मा ने भी 21 गेंदों पर 48 रनों की पारी खेली। ऐसे में देखने लायक होगा कि क्या SRH के कप्तान ईशान किशन को आज पहली जीत नसीब होगी या नहीं?
अभिषेक शर्मा ने लगाया छक्कों का ‘शतक’
भले ही अभिषेक शर्मा अपने अर्धशतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने एक ऐसा ‘शतक’ जड़ा जिसने उन्हें दिग्गजों की सूची में शामिल कर दिया। अपनी 48 रनों की पारी के दौरान लगाए गए 4 छक्कों की मदद से अभिषेक ने IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अपने 100 छक्के पूरे कर लिए। वह अब डेविड वॉर्नर (143 छक्के) के बाद SRH के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
SRH के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज…
एक समय हैदराबाद का स्कोर 8 ओवर में 110 रन था और ऐसा लग रहा था कि टीम 260 के पार जाएगी। हालांकि, कोलकाता के गेंदबाजों ने 10वें ओवर तक 3 विकेट झटककर जोरदार वापसी की और रन रेट पर लगाम लगाई। यहां से अनुभवी बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला। क्लासेन ने 35 गेंदों में 52 रनों की सधी हुई अर्धशतकीय पारी खेली। उन्हें नीतीश कुमार रेड्डी (39 रन) का अच्छा साथ मिला और दोनों के बीच 82 रनों की साझेदारी हुई, जिसने टीम को 200 के पार पहुंचाया।
आखिरी ओवरों में लड़खड़ाई हैदराबाद
अंतिम 2 ओवरों में KKR के गेंदबाजों ने फिर से नियंत्रण हासिल किया। शानदार शुरुआत के बावजूद SRH की टीम आखिरी 12 गेंदों पर केवल 26 रन बना सकी और इस दौरान 4 विकेट भी गंवाए। निर्धारित 20 ओवरों में सनराइजर्स हैदराबाद ने 226 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
अब कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत के लिए अपने घर में 227 रनों की कठिन चुनौती का सामना करना होगा। हालांकि ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल दिख रही है, ऐसे में रनों का पीछा करना देखने लायक होगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.