इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन (IPL 2026) में जसप्रीत बुमराह समेत 3 गेंदबाज 200 आईपीएल विकेट के आंकड़े को छू सकते हैं. बता दें कि सिर्फ युजवेंद्र चहल हैं, जो अभी तक आईपीएल में 200 से अधिक विकेट ले चुके हैं. आईपीएल का 19वां संस्करण 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है, पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच है.
युजवेंद्र चहल ने आईपीएल में खेले 174 मैचों में 221 विकेट लिए हैं. वह 1 बार 5 विकेट हॉल और 8 बार एक पारी में 4 विकेट ले चुके हैं. चहल के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार हैं, जो पहले ही मैच में 200 आईपीएल विकेट पूरे कर सकते हैं.
भुवनेश्वर कुमार (198)
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 2011 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के लिए खेलते हुए आईपीएल डेब्यू किया था. 2014 में वह सनराइजर्स हैदराबाद में शामिल हुए. इस फ्रेंचाइजी के लिए वह 2024 तक खेले, लेकिन पिछले सीजन में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में शामिल हुए. बता दें कि लीग क्रिकेट की शुरुआत भुवनेश्वर ने आरसीबी के लिए खेलते हुए ही की थी. चैंपियंस लीग टी20 (2008/09) में वह आरसीबी के लिए एक मैच खेले थे.
भुवनेश्वर कुमार के नाम आईपीएल में 190 मैचों में 198 विकेट हैं. वह 200 के आंकड़े को छूने से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं. आईपीएल में भुवनेश्वर 2 बार 4 विकेट हॉल ले चुके हैं.
सुनील नरेन (192)
वेस्टइंडीज के स्पिनर गेंदबाज सुनील नरेन आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 189 मैचों में 192 विकेट लिए हैं, वह 200 के आंकड़े को छूने से 8 विकेट दूर हैं.
सुनील नरेन 2012 से कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए ही खेल रहे हैं. तब से वेस्टइंडीज स्पिनर केकेआर के मुख्य खिलाड़ी हैं, जो बल्ले से भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं.
जसप्रीत बुमराह (183)
यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह को 200 का आंकड़ा छूने के लिए 17 विकेट चाहिए, जो उनके लिए बहुत मुश्किल काम नहीं है. बुमराह 2013 से मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे हैं. उन्होंने एमआई के लिए खेले 145 मैचों में 183 विकेट लिए हैं. वह 2 बार 4 विकेट हॉल ले चुके हैं.
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा नहीं, पैट कमिंस की जगह ये खिलाड़ी संभालेगा IPL 2026 में SRH टीम की कमान
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.