आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हाई ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ती समस्या बन चुका है. तनाव, गलत खानपान और अनियमित दिनचर्या इसकी बड़ी वजहें हैं. अगर समय रहते इसे कंट्रोल न किया जाए तो यह दिल और दिमाग के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. अच्छी बात यह है कि रोज कुछ मिनट योग करने से ब्लड प्रेशर को प्राकृतिक तरीके से संतुलित रखा जा सकता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि दवाओं के साथ-साथ योग एक प्रभावी सहायक उपाय साबित हो सकता है. मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के अनुसार, नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रक्त संचार बेहतर होता है और हृदय स्वस्थ रहता है. योगासन और प्राणायाम शरीर और मन दोनों को संतुलित करते हैं, जिससे ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है. हालांकि, गंभीर मरीजों को किसी भी योग अभ्यास से पहले डॉक्टर और प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ से सलाह जरूर लेनी चाहिए.
हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने के लिए कुछ सरल योगासन बेहद लाभकारी माने जाते हैं. ताड़ासन एक बुनियादी आसन है, जिसे खड़े होकर किया जाता है. इसमें शरीर को सीधा रखकर हाथ ऊपर उठाए जाते हैं. यह शरीर की मुद्रा सुधारता है, रक्त प्रवाह बढ़ाता है और तनाव कम करने में मदद करता है.
कटिचक्रासन में खड़े होकर कमर को दाएं-बाएं घुमाया जाता है. इससे रीढ़ और कमर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और शरीर में जकड़न कम होती है. यह आसन तनाव कम कर मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक है.
वज्रासन एक ऐसा आसन है जिसे भोजन के बाद भी किया जा सकता है. घुटनों के बल बैठकर एड़ियों पर बैठने से पाचन तंत्र मजबूत होता है और मन को शांति मिलती है, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में सहायता मिलती है.
मार्जरी आसन में हाथ-पैरों के बल आकर पीठ को ऊपर-नीचे किया जाता है. यह रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाता है और शरीर में रक्त संचार को बेहतर करता है. तनाव कम होने से ब्लड प्रेशर पर भी सकारात्मक असर पड़ता है.
गोमुखासन और वक्रासन जैसे बैठकर किए जाने वाले आसन छाती और कंधों को खोलते हैं, सांस लेने की प्रक्रिया को सुधारते हैं और मानसिक शांति प्रदान करते हैं. वहीं भुजंगासन में पेट के बल लेटकर छाती ऊपर उठाई जाती है, जिससे फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है और तनाव घटता है.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.