Onions and Your Health: प्याज खाने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं, लेकिन यह सभी के लिए ठीक नहीं है. कुछ लोगों के लिए यह प्याज खाना नुकसानदायक हो सकता है. पेट की समस्या, डायबिटीज, एलर्जी, ब्लड थिनिंग दवाइयां लेने वाले और लिवर की परेशानी वाले लोग प्याज खाने से बचें. ऐसे लोगों को प्याज से परहेज करना चाहिए.
जिन लोगों को प्याज से एलर्जी है, वे प्याज से परहेज करें.
गाजियाबाद के रंजना न्यूट्रीग्लो क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन रंजना सिंह ने News18 को बताया कि प्याज में एंटीऑक्सीडेंट्स, सल्फर यौगिक, फ्लेवोनॉइड्स और फाइबर की अच्छी मात्रा होती है. ये पोषक तत्व हमारे शरीर के लिए बेहद फायदेमंद हैं. प्याज का सेवन करने से हार्ट हेल्थ बेहतर होती है, इम्यून सिस्टम को मजबूती मिलती है और शुगर लेवल कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है. इसके अलावा प्याज का सेवन शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने और पाचन दुरुस्त रखने में भी सहायक होता है. हालांकि हर किसी के लिए प्याज फायदेमंद नहीं होता. कुछ लोगों को इसके सेवन से पेट की समस्या, एलर्जी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती हैं.
डाइटिशियन ने बताया कि प्याज में अधिक मात्रा में फाइबर और सल्फर यौगिक पाए जाते हैं, जो सामान्य तौर पर पाचन में मदद करते हैं. हालांकि जिन लोगों को गैस, एसिडिटी या पेट में अल्सर जैसी समस्या है, उनके लिए कच्चा प्याज नुकसानदायक हो सकता है. यह पेट में जलन, एसिड रिफ्लक्स और भारीपन जैसी समस्या पैदा कर सकता है. ऐसे लोगों के लिए सलाह दी जाती है कि प्याज को पकाकर या हल्का भूनकर ही सेवन करें. पचाने में आसान होने के कारण इससे पेट पर असर कम होता है.
एक्सपर्ट की मानें तो प्याज ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद करता है, लेकिन इसकी अत्यधिक मात्रा डायबिटीज के मरीजों में शुगर लेवल में अचानक गिरावट ला सकती है. कुछ लोगों में इससे हाइपोग्लाइसीमिया जैसी समस्या हो सकती है. इसलिए डायबिटीज के मरीजों को प्याज की मात्रा बढ़ाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है. कुछ लोगों को प्याज से एलर्जी हो सकती है. यह एलर्जी त्वचा पर रैशेस, खुजली, सूजन या आंखों में जलन के रूप में प्रकट हो सकती है. कच्चा प्याज छूने से भी त्वचा में जलन या लालिमा आ सकती है. अगर किसी व्यक्ति को पहले से एलर्जी की समस्या है या उसने पहले प्याज खाने पर ऐसी प्रतिक्रिया देखी है, तो उसे प्याज का सेवन पूरी तरह बंद करना चाहिए.
डाइटिशियन के मुताबिक प्याज का सेवन खून पतला करने वाली यानी ब्लड थिनिंग दवाइयों लेने वाले लोगों के लिए हानिकारक हो सकता है. प्याज खून को पतला करने की क्षमता रखता है, जिससे ब्लीडिंग की समस्या बढ़ सकती है. उदाहरण के लिए चोट लगने पर खून ज्यादा बह सकता है. ऐसे लोग डॉक्टर से सलाह लेकर ही प्याज खाएं और उसकी मात्रा नियंत्रित रखें. अम्लीय पाचन, हर्निया या लिवर की समस्या वाले लोग प्याज का सेवन सीमित मात्रा में करें. कच्चा प्याज पेट में जलन, सूजन और गैस बढ़ा सकता है. पकाया हुआ प्याज इन लोगों के लिए अपेक्षाकृत सुरक्षित होता है. इसके अलावा, प्याज का सेवन संतुलित मात्रा में करना चाहिए और अत्यधिक तीखा या कच्चा प्याज खाने से बचना चाहिए.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.