असली घी में मौजूद होते हैं कई पोषक तत्व
दूध और घी कारोबारी नवनीत अग्रवाल बताते हैं कि असली घी में ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन A, D, E और K2 जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. इसमें मौजूद ब्यूट्रिक एसिड पाचन तंत्र को मजबूत करता है, एसिडिटी कम करता है और शरीर को ऊर्जा देता है. लेकिन नकली घी में ये गुण नहीं होते, क्योंकि उसमें वनस्पति तेल या केमिकल मिलाए जाते हैं.
ऐसे करें असली और नकली घी की पहचान:
1. खुशबू से करें पहचान
असली घी की सबसे बड़ी पहचान उसकी प्राकृतिक खुशबू होती है. जब असली घी को गर्म किया जाता है तो इसकी सुगंध पूरे कमरे में फैल जाती है. वहीं नकली घी को गर्म करने पर अजीब या हल्की केमिकल जैसी गंध आती है. अगर घी की खुशबू प्राकृतिक और दूध जैसी लगे तो समझिए घी असली है.
2. हथेली टेस्ट से पता चल जाएगा सच
थोड़ा सा घी हथेली पर रखकर मसलें. असली घी शरीर के तापमान से तुरंत पिघल जाएगा और इसकी खुशबू आएगी. जबकि नकली घी देर से पिघलता है या हाथों पर चिपचिपा महसूस होता है.
3. रंग और बनावट भी बताते हैं सच्चाई
असली घी का रंग हल्का पीला या सुनहरा होता है. अगर घी बहुत ज्यादा सफेद या अजीब दानेदार दिखे तो उसमें मिलावट हो सकती है. शुद्ध घी की बनावट मुलायम और एक समान होती है.
4. गर्म करने पर तुरंत पिघलना जरूरी
असली घी को गर्म करने पर यह तुरंत पिघल जाता है और साफ दिखाई देता है. जबकि नकली घी में दाने या परतें रह सकती हैं, जो आसानी से नहीं पिघलती हैं.
5. फ्रिज टेस्ट से भी हो सकती है पहचान
घी को कुछ समय के लिए फ्रिज में रख दें. असली घी एक समान जमता है, जबकि नकली घी अलग-अलग परतों में जम सकता है. यह मिलावट का संकेत होता है.
डेरी से ही खरीदना चाहिए घी
खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, हमेशा भरोसेमंद ब्रांड या विश्वसनीय डेयरी से ही घी खरीदना चाहिए. साथ ही पैकेट पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (Food Safety and Standards Authority of India) का लाइसेंस नंबर जरूर देखें. अगर घी की कीमत बहुत कम हो, तो सतर्क हो जाएं. क्योंकि असली घी की कीमत हमेशा थोड़ी ज्यादा होती है. विशेषज्ञों का कहना है कि सही पहचान और सावधानी से ही आप नकली घी से बच सकते हैं और अपने परिवार की सेहत को सुरक्षित रख सकते हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.