संतुलित आहार क्यों है जरूरी?
डॉ. असवाल बताती हैं कि लंबे समय तक पढ़ाई और पर्याप्त आराम की कमी से बच्चों की ऊर्जा घटने लगती है. ऐसे में हल्का और संतुलित भोजन बेहद जरूरी है, जिससे शरीर को सही पोषण मिले और दिमाग बेहतर तरीके से काम कर सके. सुबह का नाश्ता कभी नहीं छोड़ना चाहिए. नाश्ते में दूध, अंडा, दलिया, पोहा या पराठा दही के साथ दिया जा सकता है. इससे दिनभर ऊर्जा बनी रहती है और पढ़ाई में ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलती है.
इम्यूनिटी बूस्टिंग फूड को करें शामिल
इस समय डाइट में इम्यूनिटी बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करना जरूरी है. विटामिन-सी से भरपूर मौसमी फल जैसे संतरा, अमरूद और कीवी फायदेमंद होते हैं. दिनभर में पर्याप्त पानी पीना भी उतना ही आवश्यक है. माता-पिता को बच्चों के हाइड्रेशन का विशेष ध्यान रखना चाहिए. नारियल पानी, ताजे फलों का जूस या घर का बना हेल्दी ड्रिंक दिया जा सकता है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो.
ब्रेन हेल्थ के लिए जरूरी पोषण
दिमाग की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए सूखे मेवे जैसे बादाम, अखरोट और काजू को डाइट में जरूर शामिल करें. नट्स और सीड्स में मौजूद अच्छे फैट मेमोरी रिकॉल को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. सही खानपान से बच्चों की एंजायटी भी नियंत्रित रहती है और वे कम तनाव महसूस करते हैं.
जंक फूड से बनाएं दूरी
माता-पिता को बच्चों को तली-भुनी, ठंडी और रिफाइंड चीजों से दूर रखने की कोशिश करनी चाहिए. जंक फूड सुस्ती बढ़ाता है और गले से जुड़ी समस्याएं भी पैदा कर सकता है. परीक्षा के दौरान हल्का और पौष्टिक भोजन ही बेहतर विकल्प है.
पर्याप्त नींद भी है जरूरी
डॉ. असवाल के अनुसार, कई बच्चे रात-रात भर जागकर पढ़ाई करते हैं और केवल 2–3 घंटे की नींद लेते हैं. इससे याद की हुई बातें भी एग्जाम के समय भूल सकते हैं. उन्होंने सलाह दी कि कम से कम 6 घंटे की अच्छी और नियमित नींद जरूर लें. पूरी नींद से दिमाग तरोताजा रहता है और पढ़ाई का बेहतर परिणाम मिलता है.
फोन के इस्तेमाल में बरतें सावधानी
पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया और गेमिंग ऐप्स ध्यान भटका सकते हैं. अगर बच्चे ब्रेक में फोन का उपयोग करें तो 5–10 मिनट से ज्यादा न करें. सोने से कम से कम चार घंटे पहले फोन का इस्तेमाल बंद कर देना चाहिए, ताकि नींद प्रभावित न हो. सही खानपान, पर्याप्त नींद और संतुलित दिनचर्या के साथ बच्चे न केवल स्वस्थ रह सकते हैं, बल्कि परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन भी कर सकते हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.