Does Soy Cause Gynecomastia: सोशल मीडिया पर सोया को लेकर कई बातें फैलाई जा रही हैं. कई वीडियोज में दावा किया गया है कि सोया खाने से पुरुषों में मैन बूब्स यानी गाइनेकोमैस्टिया हो सकता है. हालांकि फोर्टिस के डॉक्टर शुभम वात्स्य ने एक पॉडकास्ट में बताया है कि सोया खाने से मैन बूब्स बढ़ने का कोई सबूत नहीं है. सोया एक सुरक्षित और हाई क्वालिटी वाला शाकाहारी प्रोटीन सोर्स है, जिसे पुरुष रोजाना संतुलित मात्रा में ले सकते हैं.
डॉक्टर के मुताबिक सोया खाना पुरुषों के लिए बिल्कुल सुरक्षित है.
नई दिल्ली के वसंत कुंज स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल के सीनियर गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट और हेपेटोलॉजिस्ट डॉ. शुभम वात्स्य ने एक हालिया पॉडकास्ट में बताया कि सोया को लेकर फैलाई गई यह बात पूरी तरह गलत है. सोया खाने से पुरुषों में एस्ट्रोजन नहीं बढ़ता और न ही इससे गाइनेकोमैस्टिया होता है. उनके मुताबिक सोया से मैन बूब्स नहीं होते हैं. पुरुष रोजाना सोया खा सकते हैं और इसमें कोई समस्या नहीं है. डॉक्टर का कहना है कि इंटरनेट पर फैली अधूरी जानकारी के कारण लोग बिना वैज्ञानिक आधार के सोया से डरने लगे हैं. लोगों को इससे डरने की जरूरत नहीं है.
डॉक्टर ने बताया कि सोया में आइसोफ्लेवोन्स नामक तत्व पाए जाते हैं, जिन्हें फाइटोएस्ट्रोजन भी कहा जाता है. ये पौधों से मिलने वाले यौगिक हैं, जिनकी संरचना मानव एस्ट्रोजन से मिलती-जुलती जरूर है, लेकिन इनका असर बहुत हल्का होता है. सामान्य मात्रा में सोया का सेवन करने से पुरुषों के टेस्टोस्टेरोन या अन्य हार्मोन पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है. इसलिए यह मानना पूरी तरह गलत है कि सोया सीधे तौर पर पुरुषों में स्तन बढ़ा देता है.
एक्सपर्ट ने बताया कि शाकाहारी लोगों के लिए सोया एक बेहतरीन प्रोटीन स्रोत माना जाता है. यह ‘कम्प्लीट प्रोटीन’ है और इसमें सभी आवश्यक अमीनो एसिड मौजूद होते हैं. एथलीट्स, जिम जाने वाले लोग और वे लोग जो नॉन वेज नहीं खाते हैं, उनके लिए सोया मांसपेशियों की मजबूती और रिकवरी में मददगार हो सकता है. डॉक्टर का कहना है कि संतुलित मात्रा में सोया का नियमित सेवन सुरक्षित और लाभकारी है.
अक्सर लोग सोया चंक्स और पनीर की तुलना करते हैं. सोया चंक्स डिफैटेड सोया फ्लोर से बनते हैं और इनमें प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है. कैलोरी की तुलना में सोया अधिक प्रोटीन देता है, जिससे यह वजन नियंत्रित रखने वालों और फिटनेस फॉलो करने वालों के लिए अच्छा विकल्प बनता है. हालांकि हर व्यक्ति की पाचन क्षमता अलग होती है, इसलिए जिन्हें थायरॉइड या सोया एलर्जी की समस्या है, उन्हें डॉक्टर से सलाह लेकर ही सेवन करना चाहिए.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.