अंजीर एक सुपर हेल्दी फल है, जिसे सुखा दिया जाए तो ड्राई फ्रूट बन जाता है. सूखे अंजीर को पानी में भिगोकर खाने से सेहत को जबरदस्त लाभ होते हैं. अंजीर में मौजूद पोषक तत्व शरीर को हेल्दी रखने के लिए जरूरी हैं. हालांकि, कई मामले में अंजीर के सेवन से बचना चाहिए. यदि किसी को डायबिटीज या फिर हार्ट डिजीज है तो क्या ऐसी बीमारियों से ग्रस्त लोग अंजीर का सेवन कर सकते हैं? चलिए जान लेते हैं किन शारीरिक समस्याओं में अंजीर खाने से परहेज करना चाहिए.
अंजीर में कई तरह के पोषक तत्व होते हैं जैसे फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन्स और मिनरल्स आदि. पीसीओडी की समस्या से जूझ रही महिलाओं को अंजीर खाने की सलाह दी जाती है. अंजीर से सूजन कम होती है. पीरियड्स के दौरान दर्द कम होता है. वजन कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है. रोज़ाना अंजीर खाने से शरीर को क्या फायदे मिलते हैं और किन लोगों को इसे नहीं खाना चाहिए, इसके बारे में कुछ जरूरी बातें यहां जान लीजिए.

एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर अंजीर में मौजूद फेनोलिक एसिड्स शरीर को सूजन से बचाने में मदद करते हैं. ये खराब सेल्स को ठीक करते हैं और दिल की सेहत को नुकसान पहुंचाने वाले सेल्स से शरीर को बचाते हैं.

कब्ज को रोकता है अंजीर, क्योंकि इसमें घुलनशील और अघुलनशील फाइबर होते हैं. ये पाचन को स्वस्थ रखने में मदद करता है, इसलिए सुबह अंजीर को भिगोकर खाने से पेट की गतिविधि बेहतर होती है. इससे कब्ज जैसी समस्याओं को रोकने में मदद मिलती है. सुबह पेट अच्छी तरह से साफ हो जाता है. कब्ज की समस्या से आप बचे रह सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पीरियड्स के दौरान भी अंजीर का सेवन बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है. सूखा अंजीर पीरियड्स के समय होने वाले दर्द को कम करने में मदद कर सकता है. इसमें मौजूद कुछ गुण पीरियड्स के दर्द, क्रैम्प को कम करने में कारगर हो सकते हैं.

वजन कंट्रोल करने में मदद करता है अंजीर. खासकर, ड्राई अंजीर वजन कम करने में मदद करता है, ऐसा कुछ रिसर्च में भी कहा गया है. अंजीर में कैलोरी कम होती है. इसमें फाइबर होता है, जिससे भूख कम महसूस होती है और बेवजह खाने से बचा जा सकता है. ऐसे में वजन कंट्रोल करना आसान हो सकता है.

दिल की सेहत: इसमें मौजूद पोटैशियम और मैग्नीशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करते हैं और दिल की बीमारी का खतरा कम करते हैं. ऐसे में हार्ट हेल्थ को हेल्दी रखने के लिए आप अंजीर खा सकते हैं.

इतनी सारी खूबियां होने के बावजूद एक ही दिन में बहुत ज्यादा अंजीर नहीं खाना चाहिए. सामान्य सेहत वाले व्यक्ति के लिए एक दिन में 2 से 3 अंजीर (भिगोकर) खाना ही काफी है.

कुछ लोगों को अंजीर से एलर्जी हो सकती है. अंजीर खाने के बाद त्वचा की समस्या, सूजन, खुजली और सांस लेने में परेशानी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. अंजीर में प्राकृतिक शक्कर ज्यादा होती है, इसलिए डायबिटीज के मरीजों को इसे कम मात्रा में ही खाना चाहिए. इसी तरह किडनी के मरीजों को भी डॉक्टर की सलाह के बाद ही अंजीर खाना चाहिए.

अंजीर में बहुत फाइबर होता है, इसलिए ज्यादा खाने पर गैस और पेट में भारीपन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. खासकर सर्जरी के बाद अंजीर खाने से पेट में ब्लीडिंग का खतरा बढ़ सकता है. इसी तरह खून पतला करने वाली दवाएं लेने वाले लोग अंजीर से बचें या डॉक्टर की सलाह पर ही खाएं. (Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.