राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस के सामने 211 रनों का लक्ष्य रख दिया है. यह मैच अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें RR ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी. ध्रुव जुरेल ने ताबड़तोड़ अंदाज में 75 रनों की पारी खेली, दूसरी ओर यशस्वी जायसवाल ने भी अर्धशतक जड़ा. गुजरात टाइटंस को जीत दर्ज करनी है तो अहमदाबाद में सबसे बड़ा टारगेट चेज करना होगा.
वैभव-जायसवाल की तबाही, जुरेल चमके
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स के लिए पारी की शुरुआत की. पावरप्ले में RR की टीम बिना विकेट खोए 69 रन बना चुकी थी. वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंद में 31 रन बनाए, दूसरी ओर जायसवाल ने 36 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली. कप्तान रियान पराग फ्लॉप रहे, जिनके बल्ले से केवल 8 रन निकले. ध्रुव जुरेल चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में भी अच्छे टच में दिखे थे. गुजरात के खिलाफ उन्हें क्रीज पर टिके रहने के लिए पर्याप्त समय मिला. मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए उन्होंने 42 गेंद में 75 रन बनाए.
गुजरात के लिए सबसे ज्यादा विकेट कगिसो रबाड़ा ने लिए, जिन्होंने 2 बल्लेबाजों को आउट किया. मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान, सभी ने एक-एक विकेट लेने में सफलता पाई.
करना होगा सबसे बड़ा रन चेज
गुजरात टाइटंस को यह मैच जीतना है तो अहमदाबाद में इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज करना होगा. अहमदाबाद के मैदान में सबसे बड़ा रन चेज कोलकाता नाइट राइडर्स के नाम है, जिसने साल 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ यहां 205 का टारगेट चेज किया था. अब गुजरात को 211 रनों का लक्ष्य हासिल करना है.
गुजरात टीम के लिए अच्छी बात यह है कि उसने इसी मैदान पर 204 रनों का टारगेट चेज किया हुआ है. अब उसे वही प्रदर्शन दोहराना होगा, जो उसने आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करके दिखाया था.
यह भी पढ़ें:
समीर रिजवी ने बजाई मुंबई की बैंड, अकेले दिल्ली को जिताया मैच; DC की लगातार दूसरी जीत
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.