Last Updated:
Delhi Double Murder: सरिता विहार इलाके में एक महिला और उसकी छह साल की बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दोनों के शव उनके ही घर में बेड के बॉक्स स्टोरेज में छिपाए गए मिले.
सरिता विहार इलाके में एक महिला और उसकी छह साल की बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पीसीआर को आली विहार स्थित एक मकान में दो शव मिलने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घर के बेड के बॉक्स स्टोरेज में महिला और बच्ची के शव छिपाकर रखे गए थे. दोनों को तुरंत एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गला घोंटकर की गई हत्या
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. क्राइम और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीमों ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं. मृतकों की पहचान ज्योति (35) और उसकी छह वर्षीय बेटी के रूप में हुई है. शुरुआती मेडिकल जांच में बाहरी चोटों के निशान नहीं मिले थे, लेकिन शनिवार को हुए पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण गला घोंटना और दम घुटना बताया गया है. अंतिम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
प्रारंभिक जांच और स्थानीय पूछताछ के बाद, पुलिस ने उसी इमारत में रहने वाले 35 वर्षीय अकाउंटेंट दीन दयाल को इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया है. आरोपी फिलहाल फरार है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
कैसे खुला हत्या का राज
मृतका के पड़ोसी अजय कुमार गिरी ने बताया कि घर में पति-पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ रहते थे. घटना के समय दो बच्चे स्कूल गए हुए थे और सुरक्षित हैं. उन्होंने बताया कि आरोपी परिवार का भतीजा बताया जा रहा है. गिरी के अनुसार, जब पति रात में घर लौटा तो उसने दो बच्चों को बाहर बैठे देखा. गेट काफी देर से बंद था. शक होने पर उसने गेट तोड़ा और अंदर गया. घर का सामान बिखरा हुआ था, हालांकि किसी तरह की चोरी की बात सामने नहीं आई. तलाशी के दौरान बेड के अंदर से मां और छोटी बेटी के शव बरामद हुए. पुलिस करीब 10-11 बजे मौके पर पहुंची.
एक अन्य पड़ोसी मुकेश कामत ने बताया कि पति रात करीब 9-9:30 बजे घर लौटा था, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था. काफी देर तक खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. दिनभर महिला से संपर्क न हो पाने के कारण रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए थे. अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा मिला और बेड के नीचे मां और छह साल की बेटी के शव मिले. पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.