R Madhavan Clarifies For Smoking Scene: ‘धुरंधर 2’ के एक्टर आर माधवन ने एक खास फिल्म के सीन को लेकर वीडियो के जरिए बयान जारी किया है। इस सीन में उन्हें कथित तौर पर सिगरेट पकड़े हुए दिखाया गया है। इससे ऐसा कहा जा रहा है कि सिख समुदाय के वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, जिसे लेकर उनके, आदित्य धर और रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। दिन पर दिन ये विवाद गहराता जा रहा है। इस सीन को लेकर सिख समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है, जिसके बाद आर माधवन ने सामने आकर अपनी सफाई दी है।
फिल्म के एक सीन में में माधवन के किरदार को कथित तौर पर सिगरेट पकड़े हुए पवित्र पंक्तियां पढ़ते हुए दिखाया गया है। इस सीन को लेकर सिख समुदाय के एक वर्ग ने नाराजगी जताई और इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। इस मामले में आदित्य धर, आर माधवन और रणवीर सिंह के खिलाफ मुंबई के मुलुंड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फिल्म में गुरबानी का अपमान किया गया है, जो समुदाय की भावनाओं के खिलाफ है।
आर माधवन ने वीडियो बनाकर दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद आर माधवन ने अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह गलतफहमी है और सीन में पवित्रता का पूरा ध्यान रखा गया था। उनके मुताबिक, डायलॉग बोलने से पहले ही सिगरेट बुझा दी गई थी और न तो स्क्रीन पर धुआं दिखाया गया और न ही हाथ में सिगरेट नजर आती है।
धार्मिक भावनाओं पर क्या बोले एक्टर
माधवन ने यह भी कहा कि वह सिख समुदाय का दिल से सम्मान करते हैं और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का उनका कोई इरादा नहीं था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फिल्म बनाते समय सभी धार्मिक पहलुओं का पूरी तरह से खास ध्यान रखा गया है।
फिल्म को लेकर एक और विवाद तमिलनाडु में भी सामने आया है, जहां इसे लेकर अदालत में याचिका दायर की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकती है। इसके साथ ही पाकिस्तान से लगातार वीडियोज सामने आ रहे हैं, जिसमें लोग इसपर गलत और गंदी टिप्पड़िया कर रहे हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.