बात क्रिकेट में छक्कों की हो और यूनिवर्स बॉस यानी क्रिस गेल का जिक्र न आए ये तो असंभव है. जी हां, वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल को दुनिया उनके रनों से ज्यादा छक्कों के लिए याद करती है. जब क्रिस गेल छक्के मारते थे तो सामने वाली टीम को अहसास हो जाता था कि मैच हाथ से निकल चुका है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि क्रिस गेल का मारा हुआ एक छक्का उनकी ही टीम के लिए तब पनौती बन गया था जब वो जीता हुआ मैच हार गए थे. अब ये किस्सा सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
जब क्रिस गेल के छक्के की वजह से हार गई थी वेस्टइंडीज
दरअसल, बात है सन् 2006 की. वेस्टइंडीज की टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर गई हुई थी. 9 से 13 मार्च तक चलने वाला ये टेस्ट मैच सीरीज का पहला मुकाबला था और ऑकलैंड में खेला जा रहा था. मैच की आखिरी पारी चल रही थी और वेस्टइंडीज को जीतने के लिए 290 रन चाहिए थे. क्रिस गेल और डैरेन गंगा के बीच पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी हो चुकी थी और लग रहा था कि मैच वेस्टइंडिज ले जाएगी. इसी बीच क्रिस गेल ने अपने पाले में आई डेनियल विटोरी की गेंद को छक्के पर भेज दिया और यहीं से शुरू हुई पनौती जो टीम को ले डूबी.
क्रिस ने स्टेडियम के बाहर मार दी थी बॉल
हुआ कुछ यूं कि क्रिस गेल ने जो छक्का मारा था वो इतना लंबा था कि गेंद स्टैंड से बाहर चली गई और खो गई. ऐसे में अंपायर्स को नई बॉल मंगानी पड़ी, लेकिन उनके पास उतनी पुरानी बॉल नहीं थी जिससे खोई हुई गेंद को रिप्लेस किया जा सके. ऐसे में अंपायर्स ने एक बॉल ली और उसे कंकर वाली पिच पर बार बार मारा ताकि वो पुरानी हो जाए. अब जैसे ही वो पुरानी हुई वैसे ही ये गेंद वेस्टइंडीज के लिए सिर दर्द का सबब बन गई.
रिवर्स स्विंग होने लगी थी नई गेंद
इसके बाद हुआ यूं कि ये गेंद थोड़ी देर बाद जैसे ही न्यूजीलैंड के गेंदबाज शेन बॉन्ड के हाथ में गई इसमें अचानक रिवर्स स्विंग आ गई और बॉल जबरदस्त तरीके से रिवर्स स्विंग होने लगी और जो वेस्टइंडीज कभी 148 पर बगैर नुकसान खेल रही थी, 290 रन का पीछा करते हुए 263 रनों पर ढेर हो गई. न्यूजीलैंड इस मैच को 27 रनों से जीती और शेन बॉन्ड ने दूसरी पारी में 5 विकेट लिए. मैच जीतने के बाद शेन बॉन्ड ने कहा….”मैच का टर्निंग पॉइंट वही था जब क्रिस गेल ने गेंद को स्टैंड से बाहर दे मारा, हमें नई गेंद मिली और वो रिवर्स स्विंग होने लगी. बस हमने उसका पूरा फायदा उठाया और हम मैच जीत गए.”
यह भी पढ़ें: ग्रेजुएशन सेरेमनी में बेटी संग पहुंची फ्लाइट अटेंडेंट, मैचिंग यूनिफॉर्म में मां-बेटी ने ढाया कहर
यूजर्स बोले, अपनी ही टीम की फील्डिंग सेट कर दी
सोशल मीडिया पर अब ये मजेदार किस्सा तेजी से वायरल हो रहा है जिसे लेकर सोशल मीडिया यूजर्स तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…इस मैच में तो अंपायर को मैन ऑफ द मैच देना चाहिए. एक और यूजर ने लिखा….इसलिए कहते हैं कि टेस्ट मैच को टेस्ट की तरह ही खेलो. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा….क्रिस गेल ने अपनी ही टीम की फील्डिंग सेट कर दी.
यह भी पढ़ें: पगलू पापा के लिए बेटे ने PM मोदी से लगाई गुहार, शुगर कम करने की सलाह पर पीएम का जवाब हुआ वायरल
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.