Chaitra Navratri 2026: आज गुरुवार से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो गई है. पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है. इस मौके पर सभी देवी मंदिरों में विशेष तैयारी की गई है. नवरात्रि के दौरान राम और हनुमान मंदिरों में भी नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना होती है.
पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर और शक्तिपीठ बड़ी पटन देवी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं.
महावीर मंदिर में कलश स्थापना और रामचरितमानस पाठ
पटना के महावीर मंदिर में आज सुबह 8 बजे कलश स्थापना के साथ रामचरितमानस पाठ की शुरुआत होगी. मंदिर प्रशासन के अनुसार, हर साल की तरह इस बार भी नौ दिनों तक लगातार रामचरितमानस का पाठ किया जाएगा.
यह कलश स्थापना देवी के लिए नहीं, बल्कि भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के लिए होती है.
कलश स्थापना के बाद करीब 14 से 15 संत मिलकर नवाह रामचरितमानस का पाठ करेंगे, जो पूरे नौ दिनों तक चलेगा. इस पाठ में शामिल होने के लिए मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर और पटना समेत कई जिलों से श्रद्धालु पहले ही पहुंच चुके हैं.
रामनवमी पर विशेष आयोजन और तैयारियां
नवरात्रि के अंतिम दिन 27 मार्च को नवमी तिथि पर विशेष पूजा होगी. इस दिन देर रात 2 बजे से ही मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे. सुबह 11 बजे रामलला का जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें फूलों की वर्षा की जाएगी.
इस आयोजन की व्यवस्था के लिए करीब 150 वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे और जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय रहेगा. इस बार लगभग 22,000 किलो नैवेद्यम प्रसाद की बिक्री का लक्ष्य रखा गया है.
बड़ी पटन देवी मंदिर में बदला पूजा का समय
बड़ी पटन देवी मंदिर में भी नवरात्रि को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं. मंदिर के पुजारी विजय शंकर गिरी के अनुसार, इस बार पूजा का समय पहले कर दिया गया है. सुबह 4 बजे से माता का स्नान-पूजन शुरू होगा, जो करीब 10 बजे तक चलेगा. इस दौरान भक्तों को दर्शन नहीं मिलेगा और वे बाहर से ही पूजा करेंगे.
10 बजे के बाद कलश स्थापना के साथ विधिवत पूजा शुरू होगी. दोपहर 1:30 बजे पहली आरती, शाम 3:30 से 4 बजे दूसरी आरती और रात 10 बजे तीसरी आरती होगी. पहले दिन तीन आरती होंगी, जबकि इसके बाद रोज सुबह और शाम दो आरती होंगी. पहले दिन करीब 25,000 से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते पुलिस प्रशासन को भी अलर्ट किया गया है.
भीखन दास ठाकुरबाड़ी में राम कथा और शोभायात्रा
पटना के बाकरगंज स्थित करीब 1000 साल पुरानी भीखन दास ठाकुरबाड़ी राम-हनुमान मंदिर में भी नवरात्रि के दौरान विशेष आयोजन किए जा रहे हैं. यहां नौ दिनों तक राम कथा का आयोजन होगा, जिसमें बक्सर से आए आनंद जी महाराज प्रतिदिन चार घंटे कथा सुनाएंगे.
मंदिर के महंथ जय नारायण दास के अनुसार, यहां स्थापित प्राचीन हनुमान जी की मूर्ति के सामने सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है. गांधी मैदान के पास स्थित इस मंदिर में रोज सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं, और नवरात्रि से लेकर रामनवमी तक यहां भारी भीड़ देखने को मिलती है. 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.