Bollywood Celebrities Who Went to Jail : बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव कर्ज की अदायगी ना करने के मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं. सोनू सूद, सलमान खान, अजय देवगन समेत कई सेलिब्रिटी उनकी मदद के लिए आगे आए हैं. उधर, करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में फिल्ममेकर विक्रम भट्ट भी जेल में बंद हैं. उन पर 13.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. वैसे बॉलीवुड सितारों का जेल से पुराना नाता है. बॉलीवुड के कई सितारे अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं. दिलचस्प बात तो यह है कि जेल जाने के बाद कई सितारों का स्टारडम और ज्यादा बढ़ गया. 90 के दशक में जेल गए दो हीरो तो और भी ज्यादा पॉप्युलर हुए. एक ने तो सात साल में 9 ब्लॉकब्स्टर फिल्में दीं.
बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव चेक बाउंस होने के मामले में कोर्ट के आदेश पर तिहाड़ जेल में बंद हैं. सोशल मीडिया में भी यह मामला सुर्खियों में है. कई लोग राजपाल की मदद के लिए आगे आए हैं. अब तक करीब 1.1 करोड़ रुपये की मदद मिलने के आसार बने हैं. एक्टर सोनू सूद, सलमान खान, अजय देवगन, लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और राव इंद्रजीत सिंह नाम के शख्स ने मदद की पेशकश की है. पूरा मामला ‘अता-पता लापता’ फिल्म से जुड़ा हुआ है जिसे राजपाल यादव ने डायरेक्ट किया था. उनकी पत्नी राधा यादव प्रोड्यूसर थीं. इस फिल्म को बनाने के लिए साल 2010 में मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी से राजपाल ने करीब पांच करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई. राजपाल कंपनी का लोन नहीं चुका पाए.

वैसे राजपाल यादव-विक्रम भट्ट से पहले भी कई सितारे जेल जा चुके हैं. इन सितारों में संजय दत्त, सलमान खान, सूरज पंचोली, फरदीन खान, शाइनी अहूजा और अल्लू अर्जुन शामिल हैं. सूरज पंचोली, फरदीन खान, शाइनी अहूजा का करियर जहां डूब गया वहीं संजय दत्त और सलमान खान का स्टारडम जेल जाने के बाद और भी बढ़ गया. दोनों की किस्मत ही खुल गई. संजय दत्त ने तो अपने करियर की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म जेल जाने के बाद दी. यह फिल्म थी : खलनायक.

दरअसल, 12 मार्च 1993 को मुंबई में सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे. संजय दत्त का नाम इन धमाकों में आया. संजय दत्त को अबू सलेम और रियाज़ सिद्दीकी से अवैध गन की डिलीवरी लेने, उन्हें रखने और फिर नष्ट करने का दोषी माना गया था. टाडा कानून के तहत संजय दत्त पर मुकदमा चलाया गया. 18 महीने जेल में बिताने पड़े थे और तब जाकर जमानत मिली. 2006 में टाडा अदालत ने कहा कि संजय एक आतंकवादी नहीं हैं. उन्होंने अपने घर में गैरकानूनी रायफल अपनी हिफाज़त के लिए रखी थी. आर्म्स एक्ट के तहत 6 साल की सजा हुई. दिलचस्प बात यह है कि 6 अगस्त 1993 में उनकी फिल्म खलनायक रिलीज हुई थी. इस फिल्म को लेकर पूरे देश में बवाल देखने को मिला था. कई संगठन इस फिल्म को बैन करने की मांग कर रहे थे. इस फिल्म का म्यूजिक पहले ही रिलीज हो गया था. पोस्ट प्रोडक्शन का जैसे ही काम शुरू हुआ, वैसे ही संजय दत्त जेल चले गए थे. जैसे -तैसे फिल्म की डबिंग हुई थी. फिल्म का एक गाना ‘चोली के पीछे क्या है’ इतना लोकप्रिय हुआ कि मूवी के 1 करोड़ ऑडियो कैसेट तो एक हफ्ते में ही बिक गए थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सुभाष घई ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म की इतनी पब्लिसिटी हुई कि फिर अलग से प्रचार-प्रसार करने की जरूरत ही महसूस नहीं हुई. भारी विरोध के बीच घई ने फिल्म के प्रीमियर रखे. इन प्रीमियर में संजय दत्त-माधुरी दीक्षित के साथ हिस्सा लेने पहुंचते थे. संजय दत्त की एक झलक पाने के लिए हजारों की भीड़ प्रीमियर में उमड़ती थी. प्रशंसकों की दीवानगी का अंदाजा लगाकर सुभाष घई ने फिल्म को तय रिलीज से पहले ही 6 अगस्त 1993 को रिलीज कर दिया. फिल्म की स्टोरी, फिल्मांकन, किरदार लाजवाब थे. फिल्म में संजय का किरदार भी निगेटिव ही था. संजय दत्त पर एक गाना ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ फिल्माया गया था. इस गाने पर दर्शक थिएटर्स में झूम उठते थे-सीटियां बजाते थे.

संजय दत्त जो एक हिट फिल्म के लिए तरस रहे थे, उनका स्टारडम रातोंरात बढ़ गया. फिल्म ने 24 करोड़ का बिजनेस किया था और यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. 1993 में बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली यह दूसरी फिल्म थी.संजय दत्त के जेल जाने से उनके करियर में कुछ खास असर नहीं पड़ा. उन्होंने दाग दा फायर (1999), हसीना मान जाएगी ((1999), जोड़ी नंबर वन (2001), मुन्ना भाई एमबीबीएस (2003), अग्निपथ (2012), सन ऑफ सरदार (2012), पीके (2014) और केजीएफ चैप्टर 2 (2022) जैसे हिट-ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं.

अब बात करते हैं सलमान खान की जो काला हिरण शिकार मामले में दोषी ठहराए गए थे. उन पर कुल चार केस दर्ज हुए थे. पूरा मामला ‘हम साथ साथ हैं’ फिल्म की शूटिंग से जुड़ा हुआ है. केस के मुताबिक, 1 अक्टूबर 1998 को जोधपुर के कांकाणी गांव में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान काले हिरण का शिकार किया गया था. ट्रायल कोर्ट ने 5 अप्रैल 2018 को सलमान खान को दोषी करार देते हुए पांच साल की सजा सुनाई थी. फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने 12 अक्टूबर 1998 को सलमान खान को हिरासत में लिया था. 17 अक्टूबर तक जेल में रहे. फिर घोड़ा फार्म मामले में 10 अप्रैल 2006 को सलमान को लोअर कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई. 15 अप्रैल 2006 तक जेल में रहे. सेशन कोर्ट ने इस सजा की पुष्टि की. 26 से 31 अगस्त 2007 तक सलमान जेल में रहे.

जेल जाने के बाद सलमान खान का स्टारडम और बढ़ गया. ‘हम साथ साथ हैं’ फिल्म ब्लॉकबस्टर रही. दुल्हन हम ले जाएंगे (2000), बागवान, मुझसे शादी करोगी, नोएंट्री, पार्टनर, वांटेड (2009) जैसी फिल्में हिट रहीं. फिर नसीब और दर्शकों का ऐसा प्यार मिला अगले सात साल में 9 ब्लॉकबस्टर फिल्में देकर इतिहास ही रच दिया. सलमान खान ने 2010 से 2017 के बीच 9 ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं. ये फिल्में दबंग (2010), रेडी (2011), बॉडीगार्ड (2011), एक था टाइगर (2012) , दबंग 2 (2012), किक (2014), बजरंगी भाईजान (2015), सुल्तान (2016), टाइगर जिंदा है (2017) थीं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.