पाकिस्तान, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के साथ खेलने को राजी हो गया है. लाहौर में आईसीसी, बीसीबी और पीसीबी की मीटिंग के बाद संभव हो पाया. अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम ने बताया है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एशिया के क्रिकेट खेलने वाले 5 बड़े देशों को आमंत्रित किया है. उन्होंने बताया कि यह बैठक 15 फरवरी को कोलंबो में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के दौरान होगी.
ICC की हाई-प्रोफाइल मीटिंग
बांग्लादेश के चैनल को दिए इंटरव्यू में अमिनुल इस्लाम ने बताया कि आईसीसी चाहता है कि एशिया के 5 देशों के बीच बैठक हो. बीसीबी अध्यक्ष ने बताया कि पाकिस्तान केवल भारत के खिलाफ मैच ही नहीं बल्कि पूरे टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट का बहिष्कार करने का फैसला ले चुका था. अमिनुल ने यह भी दावा किया कि उन्होंने खुद व्यक्तिगत रूप से मोहसिन नकवी को समझाया कि बहिष्कार के क्या दुष्परिणाम हो सकते हैं.
आपको याद दिला दें कि लाहौर में हुई बैठक में पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने कई सारी मांगें रखी थीं. उनमें से बांग्लादेश को मुआवजा देने की मांग मान ली गई और साथ ही यह भी कहा गया कि पाकिस्तान की आईसीसी राजस्व में हिस्सेदारी बढ़ाने पर विचार किया जाएगा.
क्या होगा बैठक का उद्देश्य?
15 फरवरी को आईसीसी द्वारा प्रस्तावित इस बैठक का उद्देश्य क्या होगा और इसमें किन पहलुओं पर चर्चा की जाएगी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. हालांकि अमिनुल इस्लाम ने बताया कि इस बैठक के माध्यम से पाकिस्तान, भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट रिलेशन सुधारने का प्रयास किया जाएगा, जो बॉयकॉट विवाद के कारण खराब हालत में पहुंच गए थे.
बताते चलें कि भारत और पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा. भारत और पाकिस्तान, दोनों ग्रुप A में मौजूद हैं.
यह भी पढ़ें:
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.