कहते हैं शादी सात जन्मों का बंधन होती है, जहां लोग साथ निभाने की कसमें खाते हैं और जिंदगीभर एक-दूसरे का सहारा बनने का वादा करते हैं. लेकिन बदलते समय में रिश्तों की तस्वीर भी बदलती नजर आ रही है. कभी प्यार, कभी तकरार और कभी बात इतनी बढ़ जाती है कि साथ निभाना मुश्किल हो जाता है. उत्तर प्रदेश के बस्ती से सामने आई एक घटना ने इन रिश्तों को लेकर लोगों को हैरान भी किया है और हंसी का मौका भी दे दिया है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी से छुटकारा पाने के लिए ऐसी मन्नत मांगी कि अब उसकी कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. सोशल मीडिया पर अब ये मामला तेजी से वायरल हो रहा है.
सात जन्म नहीं, छुटकारे की मन्नत
मामला बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. यहां एक युवक का वैवाहिक जीवन शादी के महज 2 साल बाद ही विवादों में उलझ गया. लगातार झगड़ों और मानसिक तनाव से परेशान होकर युवक ने मां बैड़वा समय माता के मंदिर में मन्नत मांगी कि अगर उसे पत्नी से छुटकारा मिल गया तो वह दंडवत यात्रा करेगा.
कोर्ट से मिला ‘राहत का रास्ता’
युवक ने पत्नी से अलग होने के लिए कोर्ट का सहारा लिया. करीब दो साल तक मामला चला और आखिरकार उसे तलाक मिल गया. इस फैसले के बाद युवक और उसका परिवार काफी खुश नजर आया, क्योंकि लंबे समय से चल रहा तनाव अब खत्म हो चुका था.
9 किलोमीटर की दंडवत यात्रा
मन्नत पूरी होने के बाद युवक ने अपने वादे को निभाया. उसने बिना कुछ खाए-पीए अपने गांव से भानपुर स्थित माता के मंदिर तक करीब 9 किलोमीटर की दंडवत यात्रा शुरू की. यह यात्रा आसान नहीं थी, लेकिन युवक ने पूरी आस्था के साथ इसे पूरा किया.
बारात जैसी निकली ‘मन्नत यात्रा’
हैरानी की बात यह रही कि युवक इस यात्रा में अकेला नहीं था. उसके माता-पिता और गांव के कई लोग भी गाजे-बाजे और माता के जयकारों के साथ उसके पीछे-पीछे चल रहे थे. जहां आमतौर पर रिश्ते टूटने पर लोग दुख जताते हैं, वहीं यहां माहौल बिल्कुल उल्टा था.
लहूलुहान होकर पहुंचा मंदिर
शाम करीब 6 बजे युवक थकान और चोटों से चूर होकर मंदिर पहुंचा. उसके घुटने लहूलुहान थे, लेकिन चेहरे पर सुकून साफ झलक रहा था. उसने माता के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और अपनी मन्नत पूरी होने पर आभार जताया.
“अब मिली है असली शांति”
युवक ने बातचीत में बताया कि वह अपने वैवाहिक जीवन से काफी परेशान था और अब तलाक मिलने के बाद खुद को हल्का और शांत महसूस कर रहा है. उसके मुताबिक, यह यात्रा सिर्फ मन्नत पूरी करने के लिए नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत का संकेत भी है. मामले को अब सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है जिसे लेकर इंटरनेट यूजर्स तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं.
यूजर्स ने लिए मजे, बोले सुकून पाने के लिए क्या क्या करना पड़ता है
इस अनोखी खबर ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है और यूजर्स मजेदार कमेंट्स करने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “भाई शादी से बचने का ये लेवल पहली बार देखा है, सलाम है ऐसे जज्बे को.” दूसरे यूजर ने चुटकी लेते हुए कहा, “लोग शादी बचाने के लिए मंदिर जाते हैं, ये भाई शादी से बचने के लिए पहुंच गया.” एक और कमेंट में लिखा गया, “9KM दंडवत? भाई प्यार नहीं, दर्द सच्चा था.” कई लोगों ने इसे ‘रियल लाइफ मोक्ष यात्रा’ तक बता दिया. एक यूजर बोला, “अब समझ आया, सुकून पाने के लिए क्या-क्या करना पड़ता है.”
यह भी पढ़ें: “मुझे पाकिस्तान पसंद है” भारत घूमने आए विदेशी टूरिस्ट ने किया दावा तो उठा ले गई पुलिस, वीडियो हुआ वायरल
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.