बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव के लिए निर्धारित समय शाम 4:30 बजे वोटिंग खत्म हो गई और अब वोटों की गिनती जारी है. यही नहीं, चुनावी नतीजे भी आज रात 8 बजे से आने शुरू हो जाएंगे. देश के 36 हजार वोटिंग सेंटर्स पर करीब 47.91% मतदान हुआ. हालांकि, वोटिंग के दौरान कुछ जगह झड़पें भी हुईं. तारिक रहमान की BNP के एक नेता की मौत हो गई, जबकि कई कार्यकर्ता घायल हुए. बांग्लादेश में पहली बार संसदीय चुनाव के साथ जनमत संग्रह भी कराया गया और पहली बार डाक पत्र से मतदान की व्यवस्था की गई. बांग्लादेश में मुख्य मुकाबला BNP के तारिक रहमान और जमात के शफीकुर्रहमान के बीच है.
चुनावी नतीजे जल्द घोषित करने की मांग
BNP अध्यक्ष तारिक रहमान ने चुनाव के नतीजे जल्दी घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि लोगों को अपने डाले गए वोट का रिजल्ट जल्द पता चलना चाहिए. तारिक रहमान ने कहा कि चुनाव आयोग को ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे मतदाताओं को जल्दी पता चल सके कि उन्होंने जिसको वोट दिया उसका क्या नतीजा रहा. उनका कहना है कि अगर नतीजे घोषित करने में देरी हुई तो लोगों में भ्रम फैल सकता है. अगर वोटिंग निष्पक्ष हुई तो नतीजे मान्य होंगे. लेकिन अगर वोट के दौरान गड़बड़ी या किसी तरह की छेड़छाड़ हुई तो ऐसे नतीजे स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
अमेरिकी चुनाव पर्यवेक्षक ने बांग्लादेशी चुनाव की तारीफ की
इंटरनेशनल रिपब्लिकन इंस्टीट्यूट (IRI) के चुनाव पर्यवेक्षक और पूर्व अमेरिकी सांसद डेविड ड्रेयर ने इलेक्शन फ्री, फेयर और उत्सव जैसा बताया है. डेविड ड्रेयर इस समय IRI के चुनाव पर्यवेक्षण मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने गुरुवार को ढाका के गुलशन इलाके में स्थित मनारात इंटरनेशनल स्कूल एंड कॉलेज के मतदान केंद्रों का दौरा किया और वहां की स्थिति का जायजा लिया. मतदान केंद्रों के दौरे के बाद डेविड ड्रेयर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वोटिंग के दौरान व्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल था. उन्होंने कहा, ‘मतदान केंद्रों पर लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और काफी उत्साह दिखा.’
ड्रेयर ने इसे बांग्लादेश के इतिहास में एक खास दिन करार दिया है. उन्होंने कहा, ‘आज इस खूबसूरत देश के इतिहास में बहुत ही खास दिन है. यह बांग्लादेश की मेरी पहली यात्रा है और मैं यहां लोगों में उत्साह, खुशी और उत्सव जैसा माहौल देख रहा हूं.’ उन्होंने आगे कहा कि मतदान प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित दिखी, जिसमें कोई बड़ी गड़बड़ी नजर नहीं आई.
चुनाव के दौरान कई इलाकों में झड़प
बांग्लादेश के बागेरहाट जिले के श्यामनखोला में झड़प हुई, जिसमें जमात-ए-इस्लामी के 6 कार्यकर्ता घायल हो गए. इन्हें श्यामनखोला उपजिला स्वास्थ्य परिसर में भर्ती कराया गया. बागेरहाट-4 सीट से जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार प्रिंसिपल अब्दुल अलीम ने घटना की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि सुबह चुनावी माहौल में तनाव के बीच उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया. वहीं, BNP नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि की मौत हो गई है. हालांकि, BNP के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने दावा किया कि देशभर में वोटिंग निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से हो रही थी.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.