Last Updated:
अभी तो सर्दी को गुजरे हुए महीने भी नहीं हुए हैं. मौसम का असली रूप सामने आया है. मार्च का पहला हफ्ता गुजरा नहीं, मानो आसमान से आग बरस रही है. वहीं, गर्म पछुआ हवाएं आग में घी का काम कर रही है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि पारा अभी और चढ़ने वाला है.
मार्च में चढ़ने लगा है पारा, आईएमडी की चेतावनी. (सांकेतिक)
मैदानी इलाकों में भयंकर गर्मी का कहर लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, इस सप्ताह के अधिकांश दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा, जबकि मध्य भारत के आस-पास के क्षेत्रों में भी यह सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा. अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और उससे सटे मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि होने की प्रबल संभावना है. गर्मी का यह टॉर्चर यहीं रुकने वाला नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में यह आम जनजीवन को और भी ज्यादा प्रभावित करेगा.
हीट वेव की चेतावनी
चिलचिलाती धूप के साथ-साथ उमस भी लोगों का जीना मुहाल करने वाली है. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि पांच मार्च को कोंकण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हीट वेव यानी लू की स्थिति पैदा होने की पूरी संभावना है. इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, गुजरात के तटीय इलाकों और कोंकण में मौसम बेहद गर्म और उमस भरा रहने वाला है. वहीं, इंटीरियर महाराष्ट्र के इलाकों में भी अगले 24 घंटों के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे वहां के लोगों को भी अचानक से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
पहाड़ों पर बारिश की चेतावनी
एक तरफ जहां मैदानी इलाके गर्मी से भुन रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पहाड़ों पर मौसम का एक अलग ही ड्रामा चल रहा है. एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. जम्मू-कश्मीर में 5 से 11 मार्च तक छिटपुट से लेकर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, साथ ही यहां 7 से 11 मार्च के बीच तेज गरज के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में 7 से 11 मार्च और उत्तराखंड में 8 से 11 मार्च के बीच छिटपुट हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं, जो मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी के बीच पहाड़ों पर एक अलग तरह की ठंडक और चुनौती पेश करेंगे.
आंधी तूफान का अलर्ट
केवल गर्मी और बर्फबारी ही नहीं, पूर्वी राज्यों के लिए भी मौसम विभाग ने तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार के विभिन्न हिस्सों में 8 से 11 मार्च के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है. इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत में भी गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई गई है. कुल मिलाकर, यह हफ्ता मौसम के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है और लोगों को भीषण गर्मी, उमस, बर्फबारी और आंधी-तूफान के इस अजीबोगरीब ‘कॉकटेल’ का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार रहना होगा.
About the Author

दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.