भारत के लिए सबसे अच्छी बात ये है कि अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने अपनी फिटनेस साबित कर दी है. उनका पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में वापसी लगभग तय है. पेट में संक्रमण के कारण अभिषेक नामीबिया के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मैच नहीं खेल सके थे.लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से एक दिन पहले लगभग 30 मिनट तक नेट्स में बैटिंग की जहां वह लंबे लंबे छक्के जड़ रहे थे.उन्हें देखकर ऐसा नहीं लगा कि वह लंबे समय बाद बल्लेबाजी कर रहे हैं.अभिषेक के प्लेइंग इलेवन में लौटने से संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ेगा. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी अभिषेक की वापसी के संकेत दे दिए हैं.
भारत-पाकिस्तान हेड टू हेड
टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान (IND vs PAK T20 World Cup Head To Head) पर अपनी मजबूत बढ़त बनाए रखी है. टीम इंडिया अधिकांश मुकाबलों में पाकिस्तान को पटखनी देती आई है.साल 2007 से शुरू हुए इस मेगा टूर्नामेंट के इतिहास में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए 8 मैचों में से 7 में जीत दर्ज की है. भारत और पाकिस्तान के बीच ओवरऑल टी20 मुकाबलों की बात करें तो अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए 16 टी20 मैचों में से भारत ने 13 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान ने सिर्फ तीन मैच जीते हैं. भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए आठ टी20 विश्व कप मुकाबलों में पाकिस्तान ने सिर्फ एक बार जीत हासिल की है, जो 2021 में दुबई में हुए विश्व कप में मिली थी, जहां उन्होंने 10 विकेट से जीत दर्ज की थी.
बारिश की वजह से टॉस में हो सकती है देरी
भारत- पाकिस्तान (IND vs PAK Weather Forecast) मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है. श्रीलंका के मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 15 फरवरी के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव प्रणाली विकसित हो सकती है, जिससे बेमौसम बारिश होने की आशंका है. बीबीसी के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, कोलंबो में सुबह और दोपहर 4:30 बजे (स्थानीय समय) तक भारी बारिश होगी, जिसके बाद बारिश धीमी होकर हल्की हो जाएगी. भारत बनाम पाकिस्तान मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, इसलिए टॉस में देरी होने की संभावना है, जिससे खेल के समय पर असर पड़ सकता है.
सूर्यकुमार यादव बोले-दबाव जरूर होगा
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने माना कि पाकिस्तान के स्पिनर टीम को चुनौती देंगे. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच बड़े पलों को संभालने और दबाव पर काबू पाने का खेल होता है. सूर्या ने कहा, ‘दबाव जरूर होगा. इससे भागा नहीं जा सकता. शुरुआत में घबराहट और उत्साह रहेगा. लेकिन अगर दबाव और घबराहट नहीं होगी तो खेलने का मजा भी नहीं आएगा. यह बड़ा मौका है, लेकिन आखिर में यह सिर्फ एक और मैच है. आपको अपनी क्षमता के साथ अच्छा क्रिकेट खेलना है.’
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.