केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा कि भारत का लक्ष्य अगले पांच वर्ष में 50 और हवाई अड्डे बनाने का है जिससे देश के रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए बड़े अवसर उतपन्न होंगे।
मंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे रियल एस्टेट क्षेत्र की “आधार” होता है।
उन्होंने बताया कि विमानन सुरक्षा से समझौता किए बिना हवाई अड्डों के आसपास इमारतों की ऊंचाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वह सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
वर्तमान में देश में 165 चालू हवाई अड्डे
नायडू ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते नागर विमानन बाजारों में शामिल है और वर्तमान में देश में 165 चालू हवाई अड्डे हैं। औसतन हर 33 दिन में एक नया हवाई अड्डा या नया टर्मिनल तैयार किया जा रहा है।
रियल एस्टेट उद्योग निकाय ‘नारेडको’ द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ‘राष्ट्रीय शहरी एवं रियल एस्टेट विकास सम्मेलन’ 2026 में मंत्री ने यह बात कही।
देश के रियल एस्टेट क्षेत्र की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि 2030 तक इस क्षेत्र का आकार करीब 1000 अरब डॉलर के बराबर होने का अनुमान है, जो 2047 तक बढ़कर 5000 से 7000 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
उन्होंने रियल एस्टेट विकास में जीवन स्तर के साथ-साथ जीवन की गुणवत्ता पर भी ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही युवाओं को किराये पर दिए जा सकने वाली आवासीय परियोजनाएं विकसित करने का आह्वान किया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.