Ramayana: रणबीर कपूर और साई पल्लवी की ‘रामायण पार्ट 1’ इसी साल दिवाली के मौके पर बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। फिल्म पर जोरों-शोरों से काम चल रहा है। कुछ महीने पहले सेट से कलाकारों की तस्वीरें भी लीक हो गई थीं। अब जानकारी सामने आ रही है कि मेकर्स ने फिल्म से जुड़ा एक ग्रैंड लॉन्च इवेंट प्लान किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित ‘रामायण पार्ट 1’ के निर्माताओं ने कथित तौर पर मार्च 2026 में राम नवमी के अवसर पर मुंबई में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। इस इवेंट में फिल्म के मुख्य कलाकारों और उनके किरदारों का खुलासा किया जाएगा। साथ ही साथ उनका पहला लुक भी जारी किया जाएगा।
रणबीर कपूर की ‘रामायण पार्ट 1’ का ग्रैंड लॉन्च
फिल्म इंडस्ट्री के जानकार क्रिस्टोफर कनगराज ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट साझा किया है जिसमें उन्होंने जानकारी दी कि है, “रामायण की टीम 27 मार्च को राम नवमी के अवसर पर मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया में एक ग्रैंड लॉन्च इवेंट आयोजित करने की योजना बना रही है, जिसमें रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के मुख्य किरदारों का खुलासा किया जाएगा।”
अन्य पेज पर ऐसा भी दावा किया गया कि डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजनाथ सिंह और एकनाथ शिंदे जैसी प्रमुख हस्तियों को न्योता भेजा है। ऐसी अफवाहें हैं कि उन्होंने न्योता स्वीकार कर लिया है और इस इवेंट में शिरकत कर सकते हैं। उनके अलावा, मनोरंजन और क्रिकेट जगत की हस्तियां भी अपनी मौजूदगी से इवेंट की शान बढ़ा सकती हैं। पोस्ट में आगे लिखा है कि रणबीर कपूर ने अंबानी परिवार को भी आमंत्रित किया है।
‘रामायण पार्ट 1’ की स्टार कास्ट
‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर फैंस खासा उत्साहित हैं। मेकर्स इसे दो पार्ट्स में रिलीज करेंगे। पहला पार्ट इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा तो दूसरा पार्ट अगले साल की दिवाली को रोशन बनाएगा। फिल्म में भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर, मां सीता के रोल में साई पल्लवी, रावण के रोल में यश, लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे और भगवान हनुमान के रोल में सनी देओल दिखाई देंगे। फिल्म का पहला लुक पिछले साल जुलाई में जारी किया गया था।
Discover more from HINDI NEWS BLOG
Subscribe to get the latest posts sent to your email.