Pakistan to Boycott India match in T20 World Cup: बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर का कहना है कि पाकिस्तान ने हार के डर से भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलने का फैसला लिया है. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने बहुप्रतीक्षित ग्रुप लीग मुकाबले के बहिष्कार के फैसले की रविवार को औपचारिक घोषणा कर दी लेकिन सरकार ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है.
पाकिस्तान सरकार के इस फैसले को इस विश्व कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने के विरोध के तौर पर देखा जा रहा है. बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की थी लेकिन आईसीसी ने उसे ठुकरा दिया था. पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा कि उसने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है, लेकिन टीम 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में ‘मैदान पर नहीं उतरेगी.’

अनुराग ठाकुर ने भारत के खिलाफ पाकिस्तान के मैच नहीं खेलने के फैसले पर तीखा हमला बोला है.
सरकार के शीर्ष सूत्रों ने सीएनएन-न्यूज18 को बताया कि पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने और टूर्नामेंट के बाकी मैचों में भाग लेते रहने का निर्णय खेल संबंधी विचारों के बजाय घरेलू राजनीतिक गणनाओं से प्रेरित है. सूत्रों ने बताया कि भारत के खिलाफ होने वाला मैच पाकिस्तान के नेतृत्व के लिए राजनीतिक रूप से संवेदनशील हो गया है, खासकर आंतरिक सुरक्षा स्थिति और बलूचिस्तान में हाल ही में हुए हमलों के मद्देनजर, जहां अधिकारियों ने औपचारिक जांच पूरी किए बिना ही सार्वजनिक रूप से भारत को दोषी ठहराया है.
इस फैसले के साथ टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर चल रही अटकलों का दौर समाप्त हो गया है. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट के बीच यह फैसला क्षेत्र में बढ़े राजनीतिक तनाव के माहौल में सामने आया है. पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है, हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी.’ इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा था कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के बाद टीम की भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार द्वारा लिया जाएगा.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from HINDI NEWS BLOG
Subscribe to get the latest posts sent to your email.