Tesla Car Offer : एलन मस्क की कार कंपनी टेस्ला ने भारत में अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए ईएमआई विकल्प भी शुरू किया है. साथ ही कंपनी पुरानी पेट्रोल-डीजल कारें लाने पर 3 लाख रुपये की छूट दे रही है.
टेस्ला इंडिया ने मंगलवार को बताया कि भारत में बिक्री को तेज करने के लिए मासिक किस्त योजना (ईएमआई) समेत कई पहल शुरू की जा रही है. इलेक्ट्रिक वाहन की तरफ जाने वाले ग्राहकों को पेट्रोल और डीजल वाहनों की अदला-बदली पर तीन लाख रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जा रहा है. इसके अलावा ग्राहक अब इन कारों को ईएमआई पर भी खरीद सकेंगे, जो आम ग्राहकों की पहुंच में भी होंगे.
कितना डाउन पेमेंट-कितनी ईएमआई
टेस्ला ने बताया है कि ग्राहक अब टेस्ला के मॉडल वाई को 49,000 रुपये प्रति माह से शुरू होने वाली किस्त (ईएमआई) पर खरीद सकते हैं. इसके लिए केवल 6 लाख रुपये का शुरुआती भुगतान करना होगा. टेस्ला इंडिया ने सितंबर, 2025 में इस मॉडल की आपूर्ति भारत में शुरू की थी. वाहन डीलरों के संगठन फाडा की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, टेस्ला ने पिछले वर्ष भारत में 225 यूनिट बेची थी.
अभी कम है टेस्ला की बिक्री
कुल मिलाकर देश में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री पिछले वर्ष 1,76,817 यूनिट रही, जो साल 2024 की 99,875 यूनिट के मुकाबले 77 फीसदी अधिक है. टेस्ला मॉडल वाई के इस्तेमाल से ग्राहकों को ईंधन और रखरखाव लागत में कमी आने से हर महीने 20,000 रुपये तक की बचत हो सकती है. ऐसा कंपनी का दावा है. अब देखना यह है कि कुल ई-वाहनों की बिक्री में टेस्ला की हिस्सेदारी ईएमआई और छूट के बाद कितनी बढ़ जाएगी.
भारत में कितनी है वाई मॉडल की कीमत
टेस्ला ने वाई मॉडल के तीन वैरिएंट भारत में उतारे हैं. इसमें Y रियर-व्हील ड्राइव की एक्स शोरूम कीमत करीब 59.89 लाख रुपये रखी गई है तो मॉडल Y के लॉन्ग रेंज रियर-व्हील ड्राइव वैरिएंट की एक्स शोरूम कीमत करीब 67.89 लाख रुपये है. इसका टॉप मॉडल जो पूरी तरह सेल्फ ड्राइविंग के साथ आता है, उसकी एक्स शोरूम कीमत 73.89 लाख तक जा सकती है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from HINDI NEWS BLOG
Subscribe to get the latest posts sent to your email.