
- कॉपी लिंक
हॉकी एशिया कप जीतने की ट्रॉफी के साथ भारत के खिलाड़ी।
भारत ने मेंस हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब जीत लिया है। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रविवार को टीम इंडिया ने डिफेंडिंग चैंपियन साउथ कोरिया को 4-1 से फाइनल हराया। भारत ने चौथी बार यह खिताब जीता। इस जीत के साथ भारत ने 2026 के वर्ल्ड कप में भी जगह बना ली।
भारत से फाइनल मैच के पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दाग दिया था। दूसरे क्वार्टर में फिर दिलप्रीत सिंह ने गोल दागा और भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत ने एक और गोल किया। चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और भारत को 4-0 से आगे कर दिया। साउथ कोरिया से सोन डायन ने इकलौता गोल किया।

टीम इंडिया ने 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को फाइनल हराकर चौथी बार टाइटल जीता। भारत ने 2017 में मलेशिया को फाइनल हराकर आखिरी बार एशिया कप जीता था। कोरिया दूसरी बार ही रनर-अप रही। टीम को 2007 में भी भारत ने ही फाइनल हराया था।

भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।
भारत ने पहले ही मिनट में गोल दागा पहले क्वार्टर के पहले ही मिनट में भारत से सुखजीत सिंह ने फील्ड गोल दाग दिया। भारत को 9वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, लेकिन जुगराज सिंह गोल नहीं कर सके। पहला क्वार्टर खत्म होने के बाद भारत 1-0 से आगे रहा।

सुखजीत सिंह ने पहले ही मिनट में गोल दाग दिया था।
दूसरे क्वार्टर में भारत 2-0 से आगे हुआ दूसरे क्वार्टर के शुरुआती 10 मिनट में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं। फिर 28वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने फील्ड गोल किया और भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। साउथ कोरिया ने दबाव बनाने की कोशिश जरूर की, लेकिन टीम को गोल करने का मौका नहीं मिला।

दिलप्रीत सिंह ने 2 गोल दागकर भारत को 3-0 की बढ़त दिलाई।
तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत का एक और गोल तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत से दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा फील्ड गोल दाग दिया। राजकुमार पाल ने उन्हें गोलपोस्ट के करीब पास दिया था, दिलप्रीत ने मौके को भुनाया और आसान सा गोल दाग दिया। इसी के साथ भारत 3-0 से आगे हो गया।
चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों ने 1-1 गोल किया चौथे क्वार्टर के 5वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। अमित रोहिदास ने मौके को भुनाया और गोल कर दिया। अगले ही मिनट में साउथ कोरिया को भी पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। यहां सोन डायन ने गोल किया और स्कोर 4-1 कर दिया। 4-1 के स्कोर के साथ ही मैच खत्म हुआ और भारत ने चौथी बार एशिया कप जीत लिया।

भारत ने अजेय रहते हुए ट्रॉफी उठाई भारत 2025 के हॉकी एशिया कप में अजेय रहा। टीम ने पूल स्टेज में चीन, जापान और कजाकिस्तान को हराया। चीन के खिलाफ मैच करीबी रहा, बाकी दोनों मैच भारत ने एकतरफा अंदाज में जीत लिए। सुपर-4 स्टेज में भारत का इकलौता ड्रॉ मैच साउथ कोरिया के खिलाफ आया, जहां दोनों टीमें 2-2 गोल ही कर सकीं। भारत ने यहां से मलेशिया को 4-1 और चीन को 7-0 के बड़े अंतर से हरा दिया।

भारत टूर्नामेंट की दूसरी सबसे सफल टीम हॉकी एशिया कप में भारत के नाम 4 खिताब हो गए। यह साउथ कोरिया के बाद सबसे ज्यादा टाइटल का रिकॉर्ड है। कोरिया ने 5 टाइटल जीते हैं। इन दोनों के अलावा पाकिस्तान ने भी 3 टाइटल जीते हैं, 3 में से 2 बार पाकिस्तान ने भारत को ही फाइनल हराया था। वहीं एक बार राउंड रॉबिन में टीम चैंपियन बनी थी।

दोनों टीम की स्टार्टिंग-11 भारत- हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अभिषेक नैन, कृष्ण बहादुर पाठक (गोलकीपर), हार्दिक सिंह, मनदीप सिंह, सुमित, जुगराज सिंह, विवेक सागर प्रसाद, सुखजीत सिंह, संजय, राजिंदर सिंह।
सब्स्टिट्यूट्स: सूरज करकेरा (गोलकीपर), जरमनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, राजकुमार पाल, मनप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा।
कोरिया: ली जुंगजुन (कप्तान), यांग जिहुन, पार्क चोलीओन, रिम जिनकांग, बेई जोंगसुक, ओह सीयोंग, सिम जायवोन, जिन जियोन्ह्यो, बेई सोंग मिन, किम जैहन, ली ह्यसूंग।
सब्स्टिट्यूट्स: जांग दीहान, सोन डायन, किम ह्योन्होंग, बेई सुंगह्युन, चोई चांक्यू, ली स्युंगवु, चेओन मिन सु।
—————————-
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
एशिया कप 2025, नेट प्रैक्टिस में जितेश ने विकेटकीपिंग की:सैमसन आइसबॉक्स पर बैठे रहे

एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से UAE में होने वाली है। उससे पहले भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बीच, विकेटकीपर-बल्लेबाज के रोल के लिए संजू सैमसन और जितेश शर्मा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। पढ़ें पूरी खबर…